दिल्ली में कोविशील्ड का भी स्टॉक खत्म, 18-44 साल उम्र के लोगों के लिए कई वैक्सीनेशन सेंटर आज से होंगे बंद
नई दिल्ली, मई 21। देश की राजधानी दिल्ली में वैक्सीन का संकट गहराता जा रहा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि हमारे पासे 18 से 44 साल आयु वर्ग के लोगों के लिए अब कोविशील्ड वैक्सीन का स्टॉक नहीं है, इसलिए शुक्रवार से दिल्ली में कई वैक्सीनेशन सेंटरों को बंद किया जा रहा है। सत्येंद्र जैन ने बताया कि कोविशील्ड के अलावा इसी एज ग्रुप के लिए कोवैक्सीन का स्टॉक भी हमारे यहां जल्द ही खत्म हो जाएगा।

दिल्ली में करीब 150 वैक्सीनेशन सेंटर हो सकते हैं बंद
आपको बता दें कि दिल्ली में वैक्सीन की कमी को देखते हुए दिल्ली सरकार की तरफ से करीब 150 वैक्सीनेशन सेंटर को बंद किया जा सकता है। दिल्ली सरकार की ओर से 99 स्कूलों में बनाए गए 368 कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर पर लगातार वैक्सीन की कमी बनी हुई है। एक दिन पहले यानि कि गुरुवार को आप की नेता आतिशी ने भी कहा था कि दिल्ली में 45 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी के लिए कोवैक्सीन का 2 दिन और कोवीशील्ड का 9 दिन का स्टॉक बचा है।
दिल्ली में बढ़ता ब्लैक फंगस का खतरा
सत्येंद्र जैन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए बताया कि दिल्ली में ब्लैक फंगस के केस भी बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि दिल्ली के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में मिलाकर ब्लैक फंगस के कुल 197 मरीज हैं। उन्होंने कहा कि कोविड के इलाज के लिए कम से कम स्टेरॉयड का इस्तेमाल किया जाना चाहिए और केवल डॉक्टरों की सलाह पर ही इसे लेना चाहिए। बिना किसी डॉक्टर की सलाह के इसका इस्तेमाल करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि ब्लैक फंगस दो कारण हो सकते हैं। पहला ब्लड शुगर लेवल का बढ़ना और दूसरा स्टेरॉयड के ज्यादा इस्तेमाल से इम्युनिटी में कमी होना।












Click it and Unblock the Notifications