डमी टिकट, असली ठग: Delhi में फर्जी फ्लाइट टिकट रैकेट का भंडाफोड़, सोशल मीडिया पर बेच रहे थे 'डमी उड़ानें'
Delhi News: दिल्ली पुलिस ने गुरुवार 10 अप्रैल को एक ऐसे ऑनलाइन फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है, जिसमें आम लोगों को सस्ती इंटरनेशनल फ्लाइट टिकट का झांसा देकर ठगा जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों सलमान सईद सिद्दीकी (50) और रोहित राजाराम घनेकर (29) को गिरफ्तार किया है।
यह दोनों आरोपी सोशल मीडिया और फेक वेबसाइट्स के ज़रिए लोगों को सस्ते दामों पर नकली एयरलाइन टिकट बेच रहे थे। सस्ते टिकट के लालच में लोग उनके जाल में फंस जाते थे। इस मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब भगत सिंह पार्क निवासी राजीव चोपड़ा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

राजीव चोपड़ा ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखकर उन्होंने दिल्ली से टोरंटो की फ्लाइट के लिए टिकट बुक करने के मकसद से 47,681 रुपए ट्रांसफर किए, लेकिन टिकट फर्जी निकला। पुलिस उपायुक्त (आउर नॉर्थ) निधिन वलसन ने बताया, पैसा मिलने के बाद आरोपी गायब हो गए।
राजीव चोपड़ा की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम बनाई गई थी। जांच में पता चला कि आरोपी वर्चुअल नंबर, ट्रैवल एजेंसियों के फर्जी सोशल मीडिया पेज और ग्राहकों को फंसाने के लिए फिशिंग तकनीकों का इस्तेमाल करते थे।
कैसे फंसाते थे लोगों को?
पुलिस उपायुक्त निधिन वलसन के बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर असली ट्रैवल एजेंसियों के फर्जी पेज बनाते थे। वहां से संपर्क करने पर यूजर को वर्चुअल नंबर से कॉल की जाती थी और असली जैसी डमी टिकट भेजी जाती थी ताकि विश्वास पैदा हो सके। जैसे ही पैसा ट्रांसफर होता था, आरोपी सारी कम्युनिकेशन चैनल्स बंद कर देते थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी वर्चुअल नंबर, फेक वेबसाइट, फर्जी सिम कार्ड और बैंक अकाउंट्स का इस्तेमाल कर पूरी धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे थे। आरोपी सलमान पहले भी 2023 में मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय टिकट घोटाले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
काफी 'प्रोफेशनल' निकला मास्टरमाइंड
सलमान ने ट्रैवल इंडस्ट्री में नामी कंपनियों के साथ काम किया है और इंटरनेशनल एयर ट्रैवल एसोसिएशन (IATA) से कोर्स भी किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने दिल्ली में अपनी खुद की ट्रैवल फर्म खोल ली थी और वहीं से पूरे रैकेट को ऑपरेट कर रहा था। उसका साथी रोहित, जो रायगढ़ (महाराष्ट्र) का रहने वाला है, फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड का इंतजाम करता था।
मुंबई और दिल्ली में छापेमारी
आर्थिक तंगी में मुंबई आए रोहित ने धीरे-धीरे साइबर अपराध की दुनिया में कदम रखा और तकनीकी सपोर्ट देना शुरू किया। पुलिस टीम ने मुंबई के चरनी रोड और विरार ईस्ट के साथ-साथ दिल्ली के लाजपत नगर में छापे मारे। इस दौरान 12 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, 22 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, छह चेकबुक, फर्जी दस्तावेज, मोहर, सिम कार्ड्स और इंटरनेट डिवाइसेज़ समेत बड़ी मात्रा में डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: 'नकली पहचान, असली कारोबार', दिल्ली में चार अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों पर रह रहे थे 15 साल से












Click it and Unblock the Notifications