IND vs ENG: 'मैनेजमेंट के इस फैसले ने हैरान किया', शर्मनाक हार के बाद दिग्गज अनिल कुंबले ने टीम इंडिया को घेरा
IND vs ENG Anil Kumble: इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को एक और करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारत पांच मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ गया है। दोनों देशों के बीच पहला मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा था। नए कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अब तक एक भी मैच जीतने में नाकाम रही है।
शिवम दुबे से पहले हर्षित राणा को क्यों भेजा? (IND vs ENG Anil Kumble)
इस शर्मनाक प्रदर्शन और टीम की बल्लेबाजी रणनीति पर पूर्व मुख्य कोच और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मैच के दौरान हर्षित राणा को शिवम दुबे से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजने के फैसले को आधुनिक क्रिकेट के सिद्धांतों के खिलाफ बताया। मैच में बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने पावरप्ले में ही अपने शीर्ष विकेट गंवा दिए थे।

टीम के इस फैसले से नाराज हैं कुंबले
ऐसी संकट की स्थिति में टीम प्रबंधन ने स्थापित बल्लेबाज शिवम दुबे की जगह बॉलिंग ऑलराउंडर हर्षित राणा को नंबर 7 पर बल्लेबाजी के लिए भेज दिया। राणा 13 गेंदों में केवल 9 रन बनाकर जोश टंग का शिकार बने। इस रणनीति की आलोचना करते हुए अनिल कुंबले ने जियोहॉटस्टार पर कहा कि टी20 क्रिकेट में आपको अपने सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों को ऊपर भेजना होता है। शिवम दुबे जैसे स्थापित बल्लेबाज से पहले हर्षित राणा को भेजना पूरी तरह गलत फैसला था। आप नंबर 8 के खिलाड़ी से यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वह अनुभवी बल्लेबाजों से पहले आकर मैच जिता देगा। आधुनिक क्रिकेट इस तरह नहीं खेला जाता।
गेंदबाजी में बार-बार बदलाव पर भी जताई चिंता
कुंबले ने प्लेइंग इलेवन में लगातार हो रहे बदलावों को लेकर भी प्रबंधन को घेरा। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम लाइन-अप में बहुत अधिक बदलाव कर रही है, जिसे अब रुकना चाहिए। गेंदबाजों को लगातार बदला जा रहा है। प्रसिद्ध कृष्णा को आयरलैंड के खिलाफ सिर्फ एक खराब मैच के बाद ड्रॉप कर दिया गया। प्रिंस यादव आए, उन्होंने दूसरे टी20 में 3 विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन भारत फिर भी मैच हार गया। एक नए कप्तान के तौर पर आपको अपने पांच मुख्य गेंदबाजों पर भरोसा जताना होगा। बल्लेबाज रन बना सकते हैं, लेकिन मैच हमेशा गेंदबाज ही जिताते हैं।
सिर्फ 76 रनों पर सिमट गई भारतीय पारी
नॉटिंघम टी20 में भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम महज 76 रनों पर ऑलआउट हो गई। ओपनर अभिषेक शर्मा (10) और वैभव सूर्यवंशी (13) ठोस शुरुआत देने में नाकाम रहे। मध्यक्रम में ईशान किशन (13), कप्तान श्रेयस अय्यर (5), उप-कप्तान तिलक वर्मा (3) और शिवम दुबे (2) पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए। इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज जोश टंग ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि जोफ्रा आर्चर को 3 और आदिल राशिद को 2 सफलताएं मिलीं।















Click it and Unblock the Notifications