Delhi Weather News: दिल्लीवासियों को अगले तीन-चार दिनों में पड़ेगी ठंड, AQI 300 पार, जानें उत्तर भारत का मौसम
Weather Update News: दिल्ली-NCR में जल्द ही ठंड का असर दिखाई देने वाला है। फिलहाल, मौसम में हल्की गर्माहट है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों में ठंड का अहसास होने लगेगा।
Recommended Video
इसके अलावा पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी पड़ेगा, और दिल्ली-NCR में ठंड बढ़ेगी।

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर
स्काईमेट वेदर के अनुसार, एक-दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों में हल्की बर्फबारी और बारिश होने के आसार हैं। इसके कुछ दिनों बाद इसका असर दिल्ली-NCR में भी महसूस किया जा सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और हवा में ठंडक बढ़ेगी।
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग ने सोमवार को हल्के कोहरे और स्मॉग की संभावना जताई है। सुबह और रात के समय हल्का कोहरा हो सकता है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
रविवार को भी दिल्ली में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया। न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 96 से 61 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।
कोहरा, स्मॉग और दृश्यता
हल्के कोहरे और स्मॉग के कारण दिल्ली में दृश्यता का स्तर प्रभावित हुआ। आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता एक हजार मीटर के ऊपर रही, जबकि सफदरजंग क्षेत्र में रात डेढ़ से दो बजे के बीच यह 700 मीटर तक दर्ज की गई। इस दौरान हवा की रफ्तार 8 से 10 किमी प्रति घंटे तक रही।
प्रदूषण का हाल : एक्यूआई में सुधार पर अभी भी चिंताजनक स्थिति
प्रदूषण के स्तर में हल्का सुधार देखने को मिला है, लेकिन दिल्ली की हवा अभी भी "बहुत खराब" श्रेणी में है। रविवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 334 रिकॉर्ड किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। शनिवार को यह 352 था।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार को हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है। सात दिनों के बाद AQI 350 से नीचे आया, लेकिन अब भी यह सुरक्षित स्तर से दूर है। अगले कुछ दिनों में हवा की रफ्तार 10 किमी से कम रहने का अनुमान है, जिससे AQI में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
ये भी पढ़ें- अब जल्द पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD ने बता दी तारीख, निकाल लें गर्म कपड़े, जानें आज UP में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर भारत के अन्य राज्यों में मौसम का हाल
दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी ठंड बढ़ने की संभावना है। IMD के अनुसार, 15 नवंबर के बाद इन इलाकों में तापमान में गिरावट होगी और सुबह-रात के समय सर्दी का असर अधिक महसूस किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के गंगा किनारे वाले क्षेत्रों में ठंड का असर अधिक हो सकता है।
मध्य प्रदेश में 15 नवंबर के बाद ठंड बढ़ने का अनुमान है। ग्वालियर और चंबल संभाग में नवंबर के अंत तक बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे सर्दी का असर बढ़ेगा।
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश की संभावना के चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के अन्य राज्यों में ठंड का असर बढ़ने वाला है, जबकि दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। प्रदूषण की वजह से दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है, इसलिए लोगों को सेहत का ध्यान रखते हुए सावधानी बरतनी चाहिए। मास्क का उपयोग और बाहर कम से कम समय बिताना सेहत के लिए फायदेमंद रहेगा।
ये भी पढ़ें- MP Weather: ठंड की आहट के बीच बारिश का यू-टर्न, जानिए इंदौर भोपाल समेत एमपी में आज कैसा रहेगा मौसम












Click it and Unblock the Notifications