Delhi AQI Today: क्यों दम घोंट रही है दिल्ली-एनसीआर की हवा? कब तक लागू रहेंगी GRAP-IV की पाबंदियां?
Delhi AQI Today: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में सर्दी की दस्तक के साथ ही प्रदूषण ने तांडव मचाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को दिल्ली की हवा अचानक 'बेहद खराब' से 'गंभीर' (Severe) श्रेणी में पहुंच गई। बुधवार, 24 दिसंबर को भी हालत काफी खराब बने हुए हैं।
आसमान में धुंध और धुएं की ऐसी मोटी परत छाई हुई है। दिन में भी विजिबिलिटी कम है और लोगों को सांस लेने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सुबह दिल्ली का औसत AQI 412 दर्ज किया गया।

इन इलाकों में रेड अलर्ट
दिल्ली के 40 में से 26 स्टेशनों पर हवा 'गंभीर' श्रेणी में रही। सबसे बुरा हाल इन इलाकों का रहा:
- नेहरू नगर: 465
- मुंडका: 457
- चांदनी चौक: 453
- ओखला: 452
- जहांगीरपुरी: 450+
ये भी पढ़ें: AQI Bihar today: बिहार में मौत का स्मॉग! 250 के पार पहुंचा AQI, जानें आपके शहर में प्रदूषण की क्या है स्थिति
नोएडा बना देश का सबसे प्रदूषित शहर
हैरानी की बात यह है कि मंगलवार को पूरे देश के 230 शहरों में से नोएडा की हवा सबसे ज्यादा जहरीली रही। नोएडा का AQI 426 दर्ज किया गया, जिसने प्रदूषण के मामले में दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया।
आखिर क्यों दम घोंट रही है हवा?
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदूषण बढ़ने के पीछे मुख्य रूप से दो कारण हैं:
मौसम की मार: सुबह के समय 100% नमी और घना कोहरा (Fog) होने के कारण प्रदूषक कण जमीन के करीब ही दबकर रह गए हैं। हवा की रफ्तार कम होने से ये कण फैल नहीं पा रहे हैं।
प्रदूषण के स्रोत: आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के प्रदूषण में सबसे बड़ा हिस्सा वाहनों (14.4%) का है। इसके बाद उद्योगों (7.2%) और निर्माण कार्यों (2%) का नंबर आता है।
NCR का असर: पड़ोसी जिलों का भी दिल्ली की हवा पर बड़ा प्रभाव पड़ रहा है। झज्जर से 12%, सोनीपत से 6% और गाजियाबाद से करीब 2.7% प्रदूषण का योगदान दर्ज किया गया।
GRAP-4 की पाबंदियां और सावधानी
हालात को देखते हुए दिल्ली-NCR में ग्रैप-4 (GRAP-4) के सख्त नियम लागू हैं। पुराने (BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल) वाहनों पर रोक है। बड़े निर्माण कार्यों पर पूरी तरह प्रतिबंध है। स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाएं बंद कर दी गई हैं ताकि बच्चों को जहरीली हवा से बचाया जा सके।
सेहत का रखें ख्याल
मास्क का प्रयोग: घर से बाहर निकलते समय N-95 मास्क जरूर पहनें।
आउटडोर एक्सरसाइज से बचें: सुबह और शाम के समय पार्क में टहलने या भारी एक्सरसाइज करने से बचें।
प्यूरीफायर और हाइड्रेशन: घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें और शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए खूब पानी पिएं।
मौसम का पूर्वानुमान
अगले कुछ दिनों तक राहत की उम्मीद कम है। न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि कोहरा और कम हवा की वजह से AQI 'बहुत खराब' या 'गंभीर' श्रेणी में ही बना रहेगा।
ये भी पढ़ें: Uttarakhand Weather क्रिसमस और नए साल के जश्न पर कैसा रहेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी कब और कहां-कहां












Click it and Unblock the Notifications