दिल्ली में ड्रोन अटैक को रोकने के लिए पुलिस के जवान ले रहे हैं स्पेशल ट्रेनिंग, NSG और वायुसेना का मिला साथ
नई दिल्ली, जुलाई 21। देश की राजधानी दिल्ली में 15 अगस्त को लेकर तैयारियां जारी हैं। आयोजन की तैयारियों के साथ-साथ दिल्ली पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट पर है। खासकर जब से स्वतंत्रता दिवस और संसद के मानसून सत्र को लेकर ड्रोन अटैक की खुफिया जानकारी पुलिस को मिली है, तब से सुरक्षा एजेंसियां खासी चौकन्ना हैं। नॉर्थ दिल्ली की एडिशनल डीसीपी अनीता रॉय ने बताया है कि ड्रोन एक्टिविटी से निपटने के लिए पुलिस के जवानों को ट्रेनिंग दी जा रही है।

वायुसेना और NSG के साथ हो रही है ट्रेनिंग- दिल्ली पुलिस
अनीता रॉय ने बताया है कि दिल्ली पुलिस के जवान वायु सेना, एनएसजी और डीआरडीओ के साथ मिलकर ट्रेनिंग ले रहे हैं। 15 अगस्त के दिन हमारी 360 डिग्री एंटी ड्रोन कवरेज रहेगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए जवानों की तैनाती 2 महीने से लागू है, चांदनी चौक और लाल किला के आसपास के इलाकों की अच्छे से जांच की जा रही है।
दिल्ली में ड्रोन से हमले की रची गई है साजिश
आपको बता दें कि दिल्ली में 15 अगस्त के पहले और मानसून सत्र के बीच ड्रोन से हमले की साजिश रची गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। खुफिया अलर्ट के मुताबिक आतंकी 'ड्रोन जेहाद' कर दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं। खुफिया सूचना के मुताबिक 15 अगस्त से पहले दिल्ली को दहलाने की नापाक साजिश रच रहे हैं। खासतौर से 5 अगस्त के दिन ज्यादा खतरा बताया गया है। बता दें कि 5 अगस्त को जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications