'प्रधानमंत्री की रेस में अरविंद केजरीवाल नहीं शामिल', AAP नेता आतिशी का बड़ा बयान
Atishi on Arvind Kejriwal PM Candidate Race: मुंबई में होने वाली I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के प्रधानमंत्री पद के दावे पर दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री की रेस में बिल्कुल भी नहीं है।
शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि यह पार्टी की मुख्य प्रवक्ता की निजी राय हो सकती है। लेकिन अरविंद केजरीवाल पीएम की रेस में बिल्कुल भी शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी I.N.D.I.A गठबंधन का हिस्सा इसलिए है, क्योंकि आज भारत को बचाने की जरूरत है। देश के संविधान और इसके लोकतंत्र को बचाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी I.N.D.I.A गठबंधन का हिस्सा इसलिए नहीं है कि किसी को प्रधानमंत्री तो किसी को मंत्री बनना है। हम इस गठबंधन का हिस्सा सिर्फ और सिर्फ हमारे देश को बचाने के लिए हैं। मैं आधिकारिक तौर पर कहती हूं कि अरविंद केजरीवाल पीएम पद के उम्मीदवार नहीं हैं।
राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी पीएम पद के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल नहीं हुई है। अरविंद केजरीवाल पीएम बनने की दौड़ में नहीं हैं। हम बेहतर भारत का खाका तैयार करने के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कोई कह रहा है कि आम आदमी पार्टी पीएम पद के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल हुई है, तो इसका मतलब है कि हमारे पास पीएम पद के लिए कई सक्षम चेहरे हैं। कई प्रमुख नेता इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। क्या एनडीए के पास पीएम मोदी के अलावा कोई ऐसा चेहरा है। क्या कोई नितिन गडकरी, योगी आदित्यनाथ या चिराग पासवान की पार्टी से कोई है जो अगला पीएम चेहरा बन सके। ऐसे चेहरे कोई नहीं है।
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री पद के लिए अपना दावा ठोका है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पीएम कैंडीडेट बनाए जाने की मांग उठाई जा रही है। आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अगर आप मुझसे पूछें, तो मैं चाहूंगी कि अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनें।
अरविंद केजरीवाल की प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी के पक्ष में तर्क देते हुए आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि इतनी कमरतोड़ महंगाई में भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महंगाई सबसे कम है। दिल्ली के लोगों को मुफ्त पानी, मुफ्त शिक्षा, मुफ़्त बिजली, महिलाओं के लिए मुफ़्त बस यात्रा, बुज़ुर्गों के लिए मुफ़्त तीर्थ यात्रा, फिर भी सरप्लस बजट पेश किया गया है।
यह भी पढ़ें- 'दिसंबर 2023 तक सभी कच्ची कॉलोनियों में बनेंगी सड़कें', सीएम केजरीवाल का बड़ा एलान












Click it and Unblock the Notifications