Janakpuri Accident Timeline: जनकपुरी में मौत का गड्ढा! कमल की मौत के बाद 3 इंजीनियर सस्पेंड, रातभर क्या हुआ?

Delhi Janakpuri News: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क पर खोदे गए एक गहरे गड्ढे ने युवक की जान ले ली और इसके बाद प्रशासन हरकत में आया। दिल्ली सरकार ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली जल बोर्ड के तीन इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है। यह फैसला शुरुआती जांच के बाद लिया गया है।

घटना ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि राजधानी में चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक का नाम कमल था, जो कैलाशपुरी का रहने वाला था और एक प्राइवेट बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था।

Janakpuri accident timeline

यह हादसा 5 फरवरी देर रात पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में हुआ। जल बोर्ड से जुड़े लाइन रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट के तहत सड़क पर गहरी खुदाई की गई थी। इसी दौरान एक बाइक सवार अंधेरे में उस गड्ढे में जा गिरा। मौके पर पहुंची पुलिस को बाइक और सवार दोनों गड्ढे के अंदर मिले। गंभीर चोटों के चलते युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।

किन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई? (Delhi Jal Board Engineers Suspended)

दिल्ली सरकार ने इस मामले में दिल्ली जल बोर्ड के एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, एक असिस्टेंट इंजीनियर और एक जूनियर इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। ये तीनों अधिकारी जनकपुरी लाइन रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट से जुड़े हुए थे। दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जांच पूरी होने तक अंतरिम तौर पर की गई है और आगे और सख्त कदम भी उठाए जा सकते हैं।

सरकार ने जांच के आदेश दिए

हादसे की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। इस समिति को मौके का निरीक्षण करने, सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करने और यह जांचने की जिम्मेदारी दी गई है कि क्या तय मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है।

क्या सुरक्षा इंतजामों में भारी चूक हुई?

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस जगह खुदाई की गई थी वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं थी। चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और रात के समय के लिए जरूरी लाइटिंग की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। पुलिस यह जांच कर रही है कि अगर ये सभी इंतजाम सही तरीके से होते तो शायद यह हादसा टल सकता था। यही वजह है कि जांच का फोकस सीधे साइट पर मौजूद सुरक्षा उपायों पर है।

पुलिस को हादसे की सूचना सुबह करीब 7 बजे मिली थी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि बाइक और सवार दोनों गड्ढे में गिरे हुए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस समय हुआ और उस वक्त इलाके में रोशनी और चेतावनी संकेत मौजूद थे या नहीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

जनता में क्यों है गुस्सा?

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दिल्ली में जगह-जगह सड़कें खोदी जा रही हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जाती। बैरिकेड लगाना और चेतावनी देना सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है। आम लोग सवाल पूछ रहे हैं कि अगर जिम्मेदार अधिकारी समय रहते सतर्क होते तो एक जान बच सकती थी।

जनकपुरी गड्ढा हादसा: पूरी घटना की टाइमलाइन (Janakpuri Accident Timeline)

  • 5 फरवरी देर रात: कमल, जो कैलाशपुरी का रहने वाला था और एक प्राइवेट बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था, रोहिणी स्थित अपने ऑफिस से घर के लिए निकला। परिवार के मुताबिक वह लगातार संपर्क में था और सब कुछ सामान्य लग रहा था।
  • घर से सिर्फ 15 मिनट दूर: कमल ने अपने दोस्त से आखिरी बार बात की और बताया कि वह जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर पहुंच चुका है। वहां से उसका घर महज 15 मिनट की दूरी पर था।
  • एक घंटे तक घर नहीं पहुंचा: जब काफी देर तक कमल घर नहीं लौटा, तो परिवार और दोस्तों को चिंता हुई। कई बार कॉल करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
  • रात में तलाश शुरू: परिजन और दोस्त कमल को ढूंढने के लिए निकल पड़े। जनकपुरी, सागरपुर, विकासपुरी और रोहिणी समेत कई पुलिस थानों में जाकर जानकारी दी गई।
  • पुलिस स्टेशन में शिकायत की कोशिश: दोस्तों का आरोप है कि जब वे रात में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो उन्हें कहा गया कि सुबह 11 बजे से पहले शिकायत दर्ज नहीं की जाएगी।
  • लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश: पुलिस ने कमल के फोन की लोकेशन बताई और कहा कि उसे लगभग 200 मीटर के दायरे में ढूंढा जाए। इसके बाद 7 लोग आधी रात से सुबह तक उसी इलाके में तलाश करते रहे।
  • रात 1 बजे गड्ढे की जांच: दोस्तों का कहना है कि रात करीब 1 बजे उन्होंने उसी सड़क पर मौजूद गड्ढे को भी देखा था, लेकिन उस वक्त वहां कमल या उसकी बाइक नहीं थी।
  • पूरी रात सड़क पर मौजूद रहे: परिवार और दोस्त पूरी रात उसी इलाके में रहे, लेकिन कमल का कोई सुराग नहीं मिला। इसी वजह से परिवार को शक है कि कुछ असामान्य हुआ है।
  • सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना: पुलिस को सुबह लगभग 7 बजे कॉल मिली कि जनकपुरी इलाके में एक गड्ढे के अंदर एक शव और मोटरसाइकिल पड़ी है।
  • गड्ढे से शव बरामद: मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दिल्ली जल बोर्ड की कंस्ट्रक्शन साइट पर खोदे गए गड्ढे के अंदर कमल का शव उसकी बाइक के साथ पड़ा है।
  • मृतक की पहचान: शव की पहचान कैलाशपुरी निवासी कमल के रूप में हुई। पुलिस ने परिवार को इसकी जानकारी दी।
  • परिवार ने लगाए गंभीर आरोप: परिजनों ने दिल्ली जल बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाया और साथ ही शक जताया कि कमल की हत्या की गई हो सकती है, क्योंकि रात में गड्ढे में कुछ नहीं था।
  • पुलिस का शुरुआती बयान: पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शुरुआती जांच में गड्ढा DJB की कंस्ट्रक्शन साइट का है और वहां बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
  • मंत्री आशीष सूद का बयान: दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
  • जांच जारी: पुलिस ने स्पष्ट किया कि परिवार के आरोपों, घटनाक्रम और सुरक्षा इंतजामों सहित हर पहलू की जांच की जा रही है ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

आगे क्या हो सकती है कार्रवाई?

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि तीन इंजीनियरों का निलंबन सिर्फ शुरुआत है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर और अधिकारियों या ठेकेदारों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने संकेत दिए हैं कि ऐसे हादसों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जनकपुरी का यह हादसा एक बार फिर दिखाता है कि विकास कार्यों के साथ सुरक्षा को नजरअंदाज करना कितना घातक हो सकता है। सवाल यह है कि क्या इस कार्रवाई के बाद सिस्टम सच में सुधरेगा या फिर यह मामला भी कुछ दिनों में ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+