Delhi Election: चुनावी मैदान में 132 क्रिमिनल बैकग्राउंड वाले कैंडिडेट, किस पार्टी ने उतारे कितने दागी?
Delhi Election: दिल्ली में आज 70 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। राजधानी के मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर नेताओं के भविष्य का फैसला करेंगे।
पिछले 10 वर्षों से सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी (AAP) तीसरी बार वापसी की कोशिश में है। जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। कांग्रेस भी इस चुनाव में वापसी की उम्मीद में मैदान में है।

तीनों पार्टियों की कड़ी टक्कर
इस बार दिल्ली में कुल 699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 68 सीटों पर चुनाव लड़ने के साथ दो सीटें अपने सहयोगियों को दी हैं। कांग्रेस ने भी सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। इसके अलावा बसपा (BSP) 70 सीटों, एआईएमआईएम (AIMIM) 12 सीटों और कुछ अन्य दलों ने भी उम्मीदवार खड़े किए हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi Election: वोटिंग को लेकर दिल्ली मेट्रो-डीटीसी बस सेवाओं में बड़ा बदलाव, बदली टाइमिंग, पढ़िए अपडेट
19 प्रतिशत प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 699 उम्मीदवारों में से 132 प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 81 पर हत्या, अपहरण और यौन अपराध जैसे गंभीर आरोप हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 5 प्रत्याशियों की संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं, महिला उम्मीदवारों की संख्या सिर्फ 96 है, जो कुल उम्मीदवारों का एक छोटा हिस्सा है।
किस पार्टी के कितने दागी उम्मीदवार?
आम आदमी पार्टी (AAP)
आम आदमी पार्टी के 62.86 प्रतिशत उम्मीदवार दागी हैं। पार्टी ने 70 में से 44 ऐसे कैंडिडेट को टिकट दिया है जिनपर आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें 29 पर गंभीर आपराधिक मामले हैं।
कांग्रेस
कांग्रेस के कुल उम्मीदवारों में से 41.43 प्रतिशत उम्मीदवारों के ऊपर आपराधिक मामले हैं। 70 में से 29 उम्मीदवार दागी हैं जिनमें से 13 पर गंभीर आपराधिक मामले हैं।
भारतीय जनता पार्टी (BJP)
भाजपा के 28.99 प्रतिशत उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बीजेपी ने 69 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं जिनमें से 20 दागी हैं। 9 कैंडिडेट्स पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
1.56 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
दिल्ली में कुल 1.56 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 83.76 लाख पुरुष और 72.36 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
चुनाव आयोग ने किए विशेष इंतजाम
चुनाव आयोग ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। दिल्ली में करीब 42,000 पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
एग्जिट पोल पर रोक
चुनाव आयोग ने सभी मीडिया चैनलों को निर्देश दिया है कि शाम 6:30 बजे तक किसी भी एग्जिट पोल को प्रकाशित या प्रसारित न किया जाए। मतदान समाप्त होने के बाद 8 फरवरी को वोटों की गिनती होगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव से ठीक पहले केरजीवाल ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप, EC से की शिकायत, भाजपा ने दिया जवाब












Click it and Unblock the Notifications