Delhi Election 2025: मोदी की इन 3 गारंटी से तय होगा दिल्ली का चुनाव परिणाम?

Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख करीब आ चुकी है। दावों और वादों की झरी लगी हुई है। सभी दल एक से बढ़कर एक घोषणाएं कर चुके हैं और करते भी जा रहे हैं। बीजेपी की ओर से खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोर्चा संभाल रखा है। भाजपा नेताओं के उत्साह से लगता है कि बीजेपी 1993 के बाद पहली बार दिल्ली में अपने पक्ष में सत्ता परिवर्तन की बयार महसूस कर रही है।

अभी तक तीन प्रमुख राजनीतिक दलों- सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP), बीजेपी (BJP) और कांग्रेस ने जितनी भी चुनावी घोषणाएं की हैं या गारंटियां दी हैं, उनमें से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिल्ली के मतदाताओं को दी गई तीन गारंटी ही शायद दिल्ली का चुनाव परिणाम तय करने जा रही हैं। अगर उन तीनों गारंटी के आधार पर दिल्ली के वोटरों ने प्रधानमंत्री मोदी की बातों पर भरोसा किया तो 27 साल बाद बीजेपी की दिल्ली की सत्ता में वापसी हो सकती है। नहीं तो, आम आदमी पार्टी को लगातार चौथी बार भी सरकार बनाने का मौका मिल सकता है।

delhi election 2025

Delhi Election 2025: एक) दिल्ली में झुग्गी नहीं टूटने देने की गारंटी

रविवार को दिल्ली में एक रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि 'जब मोदी गारंटी देता है तो उसे पूरा करने के लिए हृदय, मन और आत्मा लगा देता है।'आम आदमी पार्टी के दावों को नकारते हुए प्रधानमंत्री मोदी कहा है कि 'दिल्ली में कोई भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी।' दिल्ली में झुग्गी-झोपड़ी वालों को आम आदमी पार्टी का समर्थक माना जाता है।

दिल्ली के 1.56 करोड से अधिक मतदाताओं में 10% से ज्यादा वोटर झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं। दिल्ली की 70 सीटों में से करीब एक-तिहाई पर इनके वोट से चुनाव परिणाम प्रभावित होते हैं। बीजेपी को लेकर झुग्गी-झोपड़ी वालों में एक धारणा देखी जाती है कि इनकी सरकार आने पर उनका घर उजड़ सकता है। लेकिन, मोदी का यह दांव अगर चल गया तो यह आप के लिए बहुत बड़ी मुसीबत साबित सकता है।

बीजेपी ने पहले से ही 'जहां झुग्गी, वहीं मकान' का नारा दे रखा है और चुनावों की घोषणा से पहले पीएम मोदी गरीबों को पक्के मकान का चाबी देकर इसकी शुरुआत भी कर चुके हैं।

Delhi Election 2025: दो) केंद्रीय बजट में मिडिल क्लास को गारंटी ही गारंटी

दिल्ली की चुनावी सभा में पीएम मोदी ने शनिवार को लोकसभा में पेश केंद्रीय बजट को भी चुनावी मुद्दा बना दिया है। इस बजट में 12 लाख रुपए तक की सैलरी वालों को इनकम टैक्स से पूरी तरह से छूट दे दी गई है। साथ ही 36 से ज्यादा जीवन रक्षक दवाइयां सस्ती करने का रास्ता साफ करके मध्यम वर्गीय परिवार को बहुत बड़ी राहत दी गई है।

पीएम मोदी ने दिल्ली के मतदाताओं को एक-एक कर बताया है कि बजट के माध्यम से उनकी सरकार ने मध्यम वर्ग को कहां-कहां राहत देने की कोशिश की है।

दिल्ली में मिडिल क्लास अपने आप में बहुत ही बड़ा वोट बैंक है, जिसका वैसे भी भाजपा के प्रति झुकाव रहा है। लेकिन, हाल के दिनों में बढ़ती महंगाई और ज्यादा टैक्स की वजह से घटती कमाई के चलते इस वर्ग में नाराजगी पैदा होने लगी थी। लेकिन, केंद्र की मोदी सरकार ने उनकी कमाई में ही मोटी बचत की गारंटी देकर बहुत बड़ा दांव चल दिया है।

Delhi Election 2025: तीन) मौजूदा सभी कल्याणकारी योजनाएं जारी रखने की गारंटी

पीएम मोदी ने रविवार को फिर से अपनी यह गारंटी दोहराई है कि दिल्ली में अभी जितनी भी जनहित योजनाएं चल रही हैं, वह बीजेपी की सरकार बनने पर भी बंद नहीं होंगी। दिल्ली सरकार की अभी जो लोकप्रिय योजनाएं आप की दो बार की बड़ी जीत की गारंटी बनी हैं, उसको लेकर आम आदमी पार्टी के नेता यह दावा करते रहे हैं कि बीजेपी आएगी तो मुफ्त बिजली-पानी और महिलाओं को फ्री बस यात्रा वाली स्कीम बंद कर देगी।

लेकिन, पीएम मोदी ने न सिर्फ इन योजनाओं के साथ ही सभी कल्याणकारी योजनाओं को आगे भी जारी रखने की गारंटी दी है, बल्कि यहां तक कहा है, 'आप लिखकर रख सकते हैं कि 8 फरवरी को दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनेगी और 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस तक महिलाओं को 2,500 रुपए मिलने आरंभ हो जाएंगे।'

5 फरवरी को मतदान के दिन अगर पीएम मोदी की ये तीन गारंटी ईवीएम पर बटन दबने का कारण बन गईं तो फिर आम आदमी पार्टी का रास्ता बहुत ही मुश्किल हो सकता है, नहीं तो भाजपा के सारे मंसूबे दिल्ली में एक बार फिर से ध्वस्त हो सकते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+