दिल्ली CM रेखा गुप्ता की सुरक्षा से हटाया गया CRPF कवर, हमले के बाद मिली थी Z+ सिक्योरिटी
Rekha Gupta Security: दिल्ली की राजनीति में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा और उन पर हुए हमले का मामला चर्चा में है। 20 अगस्त को जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पर हमला हुआ था, जिसके बाद उन्हें ज़ेड कैटेगरी की सीआरपीएफ सुरक्षा दी गई थी।
हालांकि, अब केन्द्र सरकार ने सीएम गुप्ता को दी गई ज़ेड कैटेगरी की सीआरपीएफ सुरक्षा वापस ले ली है और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी फिर से दिल्ली पुलिस को सौंप दी गई है। इस फैसले के पीछे सुरक्षा स्थिति और जांच की प्रगति को लेकर सरकार की समीक्षा मानी जा रही है।

क्यों हटाया गया CRPF कवर?
CM पर हमले के बाद सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया गया और रेखा गुप्ता को ज़ेड प्लस कैटेगरी सुरक्षा प्रदान की गई, जिसमें सीआरपीएफ के जवान शामिल थे। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस से सीआरपीएफ को सुरक्षा कवर ट्रांसफर करने की प्रक्रिया चल रही थी और कुछ ही घंटों में इसे पूरा किया जाना था। लेकिन इससे पहले यह निर्णय पलट दिया गया और फिर से सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को सौंप दी गई है।
20 अगस्त को CM के ऊपर हुआ था हमला
दरअसल, 20 अगस्त को आयोजित साप्ताहिक जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला हुआ। एक व्यक्ति ने कथित रूप से कागज थमाया और अचानक उन पर चिल्लाते हुए थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि उसने उनके बाल खींचे और गालियां दीं। आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। घटना के तुरंत बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें Rekha Gupta Attack: 'भगवान कृष्ण ने कहा, दिल्ली जाओ': CM रेखा पर हमले के आरोपी ने सुनाई दैवीय कहानी!
सुरक्षा कड़ी देख फेंक दिया चाकू
पुलिस ने हमले के मुख्य आरोपी राजेश के दोस्त तहसीन सैय्यद को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, तहसीन ने राजेश की मदद के लिए पैसे भेजे थे और दोनों लगातार संपर्क में थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि राजेश मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचने से पहले सुप्रीम कोर्ट गया, लेकिन वहां कड़ी सुरक्षा देखकर वापस लौट आया। इसके बाद वह शालीमार बाग स्थित मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ा। सूत्रों के मुताबिक, हमलावर की योजना मुख्यमंत्री पर चाकू से हमला करने की थी, लेकिन सुरक्षा कड़ी होने के कारण उसने चाकू सिविल लाइन्स इलाके में ही फेंक दिया।
दिल्ली पुलिस मामले की सभी कड़ियों की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की मंशा, साजिश और इसमें शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका को भी खंगाला जा रहा है। मामले की पूरी पड़ताल की जा रही है ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक और संदिग्ध नेटवर्क को उजागर किया जा सके।
ये भी पढ़ें Rekha Gupta News: दिल्ली CM रेखा गुप्ता के कार्यक्रम में बवाल! क्या फिर थी हमले की योजना? दो हिरासत में!












Click it and Unblock the Notifications