Rekha Gupta News: दिल्ली CM रेखा गुप्ता के कार्यक्रम में बवाल! क्या फिर थी हमले की योजना? दो हिरासत में!
Rekha Gupta Attack News Updates: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के गांधी नगर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हंगामा मच गया। इस दौरान भाजपा विधायक अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ नारेबाजी करने के आरोप में पुलिस ने 60 वर्षीय प्रवीण शर्मा को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस ने पकड़ा है, जिस पर रेखा गुप्ता के एक कार्यक्रम स्थल के पास हंगामा करने का संदेह था। यह घटना तब हुई जब सीएम गुप्ता, दो दिन पहले उन पर हुए हमले के बाद पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं।

पुलिस के मुताबिक, प्रवीण शर्मा अजीत नगर में केबल टीवी का व्यवसाय करता है और खुद को पिछले 40 साल से भाजपा कार्यकर्ता बताता हैं। शाहदरा डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया, 'प्रवीण शर्मा ने गांधी नगर के विधायक अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ उस समय नारे लगाए, जब वह कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे।' शर्मा को बैरिकेड्स के पीछे एक गली से हिरासत में लिया गया और कार्यक्रम स्थल से हटा दिया गया। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी समय वीआईपी की सुरक्षा को खतरा नहीं हुआ।
सीएम गुप्ता का बयान: 'न डरेंगी, न थकेंगी, न हारेंगी'
गांधी नगर मार्केट में थोक रेडीमेड गारमेंट डीलर्स एसोसिएशन के कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, 'आपकी सीएम दीदी न डरेगी, न थकेगी, न हारेगी। जब तक दिल्ली को उसका हक नहीं मिलता, मैं आपके लिए लड़ती रहूंगी।' उन्होंने इस मौके पर स्थानीय विधायक अरविंदर सिंह लवली को यमुना पार विकास बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। गुप्ता ने कहा, 'लवली बिना किसी स्वार्थ के भाजपा में शामिल हुए हैं और दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगे।'
विकास कार्यों की घोषणा
सीएम ने लवली और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को यमुना पार क्षेत्र के विकास के लिए बजट प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, 'मैं आज ही बजट स्वीकृत कर रही हूं, बस आप अनुमान तैयार करें।' इसके अलावा, दिल्ली सरकार यमुना पार से डीटीसी बसों के लिए रूट मैपिंग शुरू करेगी ताकि हर क्षेत्र में पर्याप्त बसें उपलब्ध हों।
पिछले हमले का जिक्र
20 अगस्त को सीएम गुप्ता पर उनके कैंप कार्यालय में 'जन सुनवाई' के दौरान राजकोट के 41 वर्षीय राजेशभाई खिमजी ने हमला किया था। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद गुप्ता सिविल लाइंस स्थित अपने सरकारी आवास पर ही थीं।
आज का कार्यक्रम
सीएम गुप्ता आज शाम 4 बजे चाणक्यपुरी के अशोक होटल में राज्य उद्योग विभाग के 'आइडियाथॉन' कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल होंगी। पीटीआई के अनुसार, वह आज दिल्ली सचिवालय में अपने कार्यालय भी लौट सकती हैं।
नए कमिश्नर की नियुक्ति के बाद कार्रवाई
21 अगस्त को दिल्ली को नए पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांधी नगर की घटना में शामिल व्यक्ति को हिरासत में लिया।












Click it and Unblock the Notifications