Rekha Gupta Attack: 'भगवान कृष्ण ने कहा, दिल्ली जाओ': CM रेखा पर हमले के आरोपी ने सुनाई दैवीय कहानी!
Delhi CM Rekha Gupta Attack : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला करने वाले आरोपी राजेश भाई खिमजी सकारिया ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। 41 वर्षीय राजेश, जो गुजरात के राजकोट का रहने वाला है, ने दावा किया कि उसे भगवान कृष्ण ने सपने में दिल्ली जाकर मुख्यमंत्री से मिलने और आवारा कुत्तों के मुद्दे पर बात करने का आदेश दिया था।
इस सनसनीखेज मामले ने न सिर्फ दिल्ली की सियासत में हलचल मचा दी है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का केंद्र बन गया है।

क्या है पूरा मामला?
20 अगस्त 2025 को सुबह करीब 8:15 बजे, सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान राजेश ने रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया। उसने कथित तौर पर मुख्यमंत्री को धक्का दिया, उनके बाल खींचे और थप्पड़ मारने की कोशिश की, जिससे उन्हें सिर, कंधे और हाथ में चोटें आईं।
दिल्ली पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 132 और 221 के तहत मामला दर्ज किया। बुधवार देर रात कोर्ट ने राजेश को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
आरोपी ने पुलिस को क्या बताया?
पुलिस पूछताछ में राजेश ने दावा किया कि वह भगवान कृष्ण का भक्त है। उसने कहा कि भगवान ने उसे उज्जैन जाने और फिर दिल्ली में मुख्यमंत्री से मिलकर सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के खिलाफ अपील करने को कहा, जिसमें दिल्ली-एनसीआर से आवारा कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम भेजने का आदेश दिया गया है। राजेश ने बताया कि वह बिना टिकट ट्रेन से दिल्ली पहुंचा, मेट्रो से गलत स्टेशन पर उतर गया और फिर साइकिल रिक्शा लेकर शालीमार बाग स्थित CM के आवास तक पहुंचा। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने हमले से पहले मुख्यमंत्री के घर की रेकी की थी और वीडियो बनाए थे।
राजेश ने पुलिस को बताया कि वह मुख्यमंत्री से कुत्तों को शहर से न हटाने की अपील करने गया था, लेकिन जब CM ने उसकी बात कथित तौर पर अनसुनी की, तो गुस्से में उसने हमला कर दिया। उसने कहा कि वह उसी दिन शाम की ट्रेन से राजकोट लौटने वाला था।
दैवीय दावे पर मिश्रा का पलटवार
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने राजेश के दैवीय हस्तक्षेप के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, 'हमें तथ्यों पर ध्यान देना चाहिए। यह आदमी कोई साधारण शख्स नहीं है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड है, और हमले से पहले उसने सुनियोजित तरीके से रेकी की थी। यह एक पेशेवर अपराधी का काम है। ऐसी बेतुकी कहानियां जांच को भटकाने की कोशिश हैं।' मिश्रा ने यह भी बताया कि हमले के बावजूद मुख्यमंत्री ने काम जारी रखा, हालांकि उनकी चोटें गंभीर हैं और उन्हें मानसिक आघात भी हुआ है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया कि राजेश के खिलाफ राजकोट में एक ही थाने में 9 मामले दर्ज हैं, जिनमें ज्यादातर शराब तस्करी, आपराधिक धमकी और हमले से जुड़े हैं। हालांकि, कई मामलों में उसे बरी किया जा चुका है। उसकी मां भानुबेन ने मीडिया से कहा, 'मेरा बेटा पशु प्रेमी है और सुप्रीम कोर्ट के फैसले से दुखी था। उसका दिमाग ठीक नहीं है, वह किसी पर भी हमला कर देता है।' उन्होंने यह भी बताया कि राजेश ने पहले भी परिवार वालों पर हमला किया है और वह मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है।
हमले की साजिश या सनक?
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में राजेश शालीमार बाग में CM के आवास की रेकी करते और वीडियो बनाते दिखा। वह गुजराती समाज भवन में रुका था, जो CM के कैंप कार्यालय से सिर्फ 700 मीटर दूर है। पुलिस को उसके फोन से कई अहम नंबर मिले हैं, जिनसे वह हमले से पहले और बाद में बात कर रहा था। दिल्ली पुलिस अब यह जांच रही है कि क्या यह हमला किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था या राजेश की निजी सनक।
रेखा पर हमला, सुरक्षा में बड़ी चूक! सियासी हंगामा
इस हमले ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। Z+ सुरक्षा होने के बावजूद एक शख्स मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया? AAP और कांग्रेस ने हमले की निंदा की, लेकिन बीजेपी ने इसे सुनियोजित साजिश करार दिया। पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। दिल्ली पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।' वहीं, CM रेखा गुप्ता ने अपने पहले बयान में कहा, 'यह हमला मेरे हौसले को नहीं तोड़ सकता। मैं जल्द जनता के बीच लौटूंगी।'
आगे क्या?
पुलिस अब राजेश के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कर रही है और उसे राजकोट ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट करने की योजना बना रही है। साथ ही, गृह मंत्रालय CM की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। यह मामला न सिर्फ दिल्ली की सियासत को गरमा रहा है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कोई इसे सनकीपन बता रहा है, तो कोई साजिश की आशंका जता रहा है। आप इस बारे में क्या सोचते हैं? कमेंट में बताएं...
ये भी पढ़ें- CM Rekha Gupta: बिना टिकट कैसे उज्जैन से दिल्ली पहुंचा हमलावर? क्या है शिवलिंग पर कुत्ते वाली कहानी?












Click it and Unblock the Notifications