Delhi Chunav Result 2025: दिल्ली में सिर्फ 1.89 लाख वोट ने AAP को किया बेदखल, कुल कितने वोटों से खिला 'कमल'?
Delhi Chunav Result 2025: दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी के बीच सीटों का फासला बहुत ज्यादा है। लेकिन, जब बात वोट शेयर की करें या दोनों दलों को मिले कुल वोटों तुलनात्मक रूप से इतना बड़ा फासला नहीं है। लेकिन, सीटों के मामले में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 27 वर्षों बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। बीजेपी ने 1993 में दिल्ली में पहली बार सरकार बनाई थी और 1998 के बाद से हुए 6 चुनावों में उसे कभी सरकार बनाने का मौका नहीं मिला।
दिल्ली की कुल 70 सीटों में से बीजेपी को 48 और आम आदमी पार्टी (आप) को 22 सीटें मिली हैं। कांग्रेस पार्टी इस बार खूब जोर-शोर के साथ चुनाव मैदान में उतरी थी। लेकिन, फिर भी पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली है।

Delhi Chunav Result 2025: दिल्ली में भाजपा से 1,89,212 वोटों से हारकर सत्ता से बेदखल हुई AAP
अब दिल्ली के चुनाव में नतीजों पर गौर करें तो बीजेपी को 45.56% वोट मिले हैं। वहीं आप (AAP) को 43.57% वोट मिले हैं। इस तरह से यह अंतर 1.99% का है। लेकिन, अगर हम इसे वोटों के हिसाब से देखें तो यह बहुत बड़ा फर्क नहीं है।
इस बार दिल्ली में बीजेपी को कुल 43,23,110 वोट मिले हैं। जबकि, आम आदमी पार्टी को 41,33,898 वोट मिले हैं। इस तरह दोनों दलों के बीच कुल वोटों का अंतर सिर्फ 1,89,212 वोटों का है। वैसे जहां तक बीजेपी का सवाल तो वह सिर्फ 68 सीटों पर लड़ी थी और दो सीटें उसने एनडीए में अपनी सहयोगियों जेडीयू और एलजेपी (रामविलास पासवान ) के लिए छोड़ा था।
जबकि, आप ने सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। कांग्रेस पार्टी को 6,01,922 वोट मिले हैं। वह भी सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। कांग्रेस को इस चुनाव 6.34% वोट मिले हैं।
Delhi Election Result 2025: दिल्ली में 2020 में जीती 40 सीटें हार गई 'आप'
दिल्ली में 2020 के चुनाव में आप को कुल 62 सीटें मिली थीं और उसका वोट शेयर 53.57% रहा था। तब भी पार्टी सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। वहीं बीजेपी 67 सीटों पर लड़कर 38.51% वोट जुटाई थी और उसे 8 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी और 66 सीटों पर लड़कर उसने 4.26% वोट जुटाए थे।
Delhi Chunav Result 2025 News: 2015 में दिल्ली में आप ने जीती थी 67 सीटें
इसी तरह अगर 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव की बात करें तो आप ने 70 सीटों पर लड़कर 67 सीटें जीत ली थी। उस चुनाव में पार्टी को 54.34% वोट मिले थे। जबकि, बीजेपी को सिर्फ 3 सीटें मिली थीं और 69 सीटों पर लड़कर उसने 32.19% वोट जुटाए थे। जबकि कांग्रेस को एक भी सीट तब भी नहीं मिली थी और पार्टी ने सभी 70 सीटों पर लड़कर 9.65% वोट जुटाए थे।












Click it and Unblock the Notifications