Delhi Chunav 2025: राहुल ने माना कांग्रेस में कैसे हुई दलितों, पिछड़ों की अनदेखी? अपने परिवार को दी क्लीन चिट!
Delhi Chunav 2025: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 1990 के दशक में दलितों और पिछड़ों के हितों की पर्याप्त रक्षा नहीं करने की बात मानते हुए अपनी कांग्रेस पार्टी की आलोचना की है। गुरुवार (30 जनवरी, 2025) को नई दिल्ली में दलितों के प्रभावशाली लोगों के एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संस्थाओं और संपत्ति में 'भागीदारी' के बिना सिर्फ राजनीतिक प्रतिनिधित्व से उनके मुद्दे हल नहीं होंगे।
राहुल ने दावा किया कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को दलितों,अल्पसंख्यकों और पिछड़ों का भरोसा हासिल था। लेकिन, उन्होंने कहा कि सिर्फ 1990 के बाद इसमें कमियां थीं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी को इस वास्तविकता को स्वीकार करना चाहिए ताकि नई आवाजों को शामिल करके आंतरिक क्रांति शुरू की जा सके।

Delhi Chunav 2025: नरसिम्हा राव और सीताराम केसरी पर फोड़ा ठीकरा,अपने परिवार को बचाने की कोशिश?
राहुल ने सिर्फ 90 के दशक के कांग्रेस पर उंगली उठाकर पूरी तरह से अपने परिवार के नेताओं को क्लीन चिट देने की कोशिश की है। क्योंकि, राहुल ने जिस दौर का जिक्र किया है, यह वो वक्त था, जब राहुल के पिता राजीव गांधी की हत्या हो चुकी थी और कांग्रेस का नेतृत्व शुरू में पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के हाथों में था और फिर बाद में पिछड़े वर्ग के नेता सीताराम केसरी को मिला था।
बाद में केसरी को कथित तौर पर बहुत ही अपमानजनक तरीके से कांग्रेस नेतृत्व से बेदखल कर दिया गया था और पार्टी की कमान राहुल की मां सोनिया गांधी ने अपने हाथों में संभाल ली, जो 2019 के लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी के पार्टी अध्यक्ष बनने से पहले तक पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रहीं।
लेकिन, 2019 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से तो इस्तीफा दे दिया, लेकिन अघोषित तौर पर उसके सुप्रीमो बने रहे और अभी भी वह कांग्रेस के सर्वेसर्वा की तरह कार्य करते हैं।
Delhi Chunav 2025: राहुल के निशाने पर फिर रही बीजेपी और आरएसएस, बताया धोखेबाज
इस मौके पर राहुल ने यह भी कहा कि लोगों के बीच मतभेद ने प्रगति में बाधा डाली है और बीजेपी और आरएसएस को पनपने का मौका दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक बार कांग्रेस का मूल आधार एकजुट हो जाए तो इन पार्टियों को पीछे हटना पड़ेगा। हालांकि, उन्होंने आशंका जताई कि इस मंसूबे को पूरा होने में लंबा वक्त लग सकता है।
उन्होंने भाजपा पर देश को प्रभावी ढंग से चलाने में असमर्थ होने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया,'आप इसे कुछ महीनों से देख रहे हैं। भाजपा कांग्रेस का कुछ नहीं कर सकती। वे देश नहीं चला सकते। वे धोखेबाज हैं और पूरी तरह धोखेबाज हैं।'
Delhi Chunav 2025: दलितों और पिछड़ों के बीच कांग्रेस की गोटी सेट करने की जारी रखी कोशिश?
राहुल ने फिर से दावा किया कि पिछड़े लोग भले ही आबादी का 50% हिस्सा हैं, लेकिन उनके पास सत्ता का केवल 5% हिस्सा है; इसी तरह, दलित 15% हैं, लेकिन उनके पास सत्ता का केवल 1% हिस्सा है। उन्होंने एक बार फिर से सत्ता और धन के समान वितरण की दलील दी।
उन्होंने डॉ.बीआर अंबेडकर की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक ऐसे प्रमुख व्यक्ति हुए, जिन्होंने दलितों को आवाज देकर उन्हें सशक्त बनाया। उन्होंने कहा,'आप राजनीतिक प्रतिनिधित्व की बात करते हैं और कांशीराम ने राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए लड़ाई लड़ी। लेकिन उन्होंने राजनीतिक प्रतिनिधित्व को अप्रासंगिक बना दिया है।'
Delhi Chunav 2025: पीएम मोदी और केजरीवाल पर राहुल का डबल अटैक
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शासन शैली की आलोचना करते हुए उसकी तुलना फिदेल कास्त्रो से की। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोला और कहा कि उनका दलितों के प्रति मोदी जैसा ही रुख है।
बाद में एक्स पर अपने एक पोस्ट में कांग्रेस नेता ने लिखा, 'केजरीवाल मोदी जी का ही sophisticated version हैं। दोनों खोखली बातें करते हैं..दोनों एक पर एक झूठ बोलते हैं..दोनों आरक्षण और दलित विरोधी हैं..दोनों बहुजन भागीदारी नहीं चाहते हैं..दोनों सत्ता की शक्ति बस अपने हाथों में रखना चाहते हैं।'(इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications