Delhi AQI Today: दिल्ली में सांस पर आफत, किस स्तर पर पहुंचा एयर क्वालिटी इंडेक्स? CM रेखा ने बुलाई आपात बैठक
Delhi AQI Today: दिल्ली की हवा एक बार फिर खतरनाक स्तर के करीब पहुंच गई है। राजधानी की सड़कों पर धुंध और धूल की परत छाई हुई है, जिससे लोगों का सांस लेना भी मुश्किल होता जा रहा है। सुबह के वक्त हवा में प्रदूषण की गंध और आंखों में जलन साफ महसूस की जा सकती है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आपात बैठक बुलाई। इसमें राजधानी के कई प्रदूषण हॉटस्पॉट्स पर तुरंत नियंत्रण उपायों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों और वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली की हवा हुई 'हानिकारक'
भारतीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के अनुसार, 4 नवंबर 2025 सुबह 5:58 बजे नई दिल्ली का AQI 295 दर्ज किया गया, जो 'Harmful' (हानिकारक) श्रेणी में आता है। इस समय दिल्ली का तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस है और मौसम बादलों से घिरा हुआ है।
ये भी पढ़ें: Aaj ka Mausam: पहाड़ों पर बर्फ, मैदानों में ठंड, दक्षिण में मॉनसून बरकरार! IMD ने जारी किया अलर्ट
प्रदूषण के प्रमुख तत्वों में PM 2.5 का स्तर 134 और PM 10 का स्तर 174 दर्ज हुआ। यह स्थिति उन लोगों के लिए सांस लेने में तकलीफ पैदा कर सकती है जो लंबे समय तक बाहर रहते हैं, साथ ही हृदय रोगियों को भी असुविधा हो सकती है।
AQI के मानक के अनुसार -
- 0 से 50: अच्छा
- 50 से 100: सामान्य
- 100 से 200: अस्वस्थ
- 200 से 300: हानिकारक
- 300 से 400: बहुत हानिकारक
- 400 से 500: खतरनाक
राजधानी में चल रहा पानी छिड़काव और सफाई अभियान
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान में बताया गया कि दिल्ली के कई इलाकों में लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है और धूल को कम करने के लिए मशीनों से सफाई की जा रही है। एमसीडी को निर्देश दिया गया है कि सड़कों, गलियों, बाजारों और कॉलोनियों की नियमित सफाई की जाए और कहीं भी जमा कचरा तुरंत हटाया जाए। इसके लिए विशेष निगरानी टीमें बनाई गई हैं जो लगातार हालात पर नजर रखेंगी।
प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों और वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे यूनिट्स को बंद किया जाएगा और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीमें हर शाम अपनी रिपोर्ट उन्हें और पर्यावरण मंत्री को सौंपेंगी। इसके अलावा कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अतिरिक्त टीमें बनाई जा रही हैं। जो लोग कचरा जलाते पकड़े जाएंगे, उन पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष ने साधा निशाना
इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली की खराब होती हवा पर बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने एक्स (X) पर लिखा, "हर साल दिल्ली की हवा जहरीली होती जा रही है, लेकिन बीजेपी सरकारें बस बहाने बदलती रहती हैं। अब केंद्र और दिल्ली दोनों जगह उनकी ही सरकार है, जनता को अब साफ हवा चाहिए, कोई बहाना नहीं।"
वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी बीजेपी की "चार इंजन सरकार" पर निशाना साधा। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लिखा, "चार इंजन वाली बीजेपी सरकार ने सबकुछ बर्बाद कर दिया है। मैं दिल्ली के लोगों से अपील करता हूं कि अपनी सेहत का ध्यान रखें, यह सरकार आपके लिए कुछ नहीं करने वाली।"
बीजेपी का पलटवार
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पिछले कुछ सालों में दिल्ली की हवा में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि इस साल दिल्ली का औसत AQI करीब 310 है, जबकि पिछले तीन सालों में 3 नवंबर को यह 382, 468 और 450 था। सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी झूठे बयान देने की आदत से मजबूर है।
सरकार का बचाव
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने कहा कि इस साल का AQI अब तक का सबसे कम है और दिल्ली में सबसे ज्यादा क्लीन एयर डेज दर्ज हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि दीपावली के दौरान पटाखों की अनुमति और गाड़ियों पर ढील देने के बावजूद हासिल की गई। सिरसा ने आरोप लगाया कि आप और कांग्रेस दोनों मिलकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: 'अभी छोड़ दें दिल्ली', राजधानी की हवा बनी जहर, AQI पहुंचा सीजन के हाईएस्ट लेवल पर, डॉ. गुलेरिया ने दी चेतावनी












Click it and Unblock the Notifications