Delhi AQI Today: प्रदूषण से दिल्ली बेहाल, दमघोंटू हवा का कहर जारी, कितने खरब स्तर पर पहुंचा AQI?
Delhi AQI Today: दिल्ली की सुबह एक बार फिर धुंध और धूल की मोटी चादर में लिपटी नजर आई। लोगों ने बताया कि जैसे ही वे घर से बाहर निकले, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। राजधानी की हवा अब भी इतनी जहरीली बनी हुई है कि सूरज की किरणें भी मुश्किल से धरती तक पहुंच पा रही हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार सुबह 7 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 309 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है।
हालांकि पिछले दिन के मुकाबले मामूली सुधार देखा गया, लेकिन प्रदूषण के स्तर ने अब भी चिंता बढ़ा दी है। आनंद विहार, आईटीओ और अक्षरधाम जैसे इलाकों में हवा की हालत बेहद खराब रही, जबकि लोधी रोड और तिलक मार्ग जैसे क्षेत्रों में थोड़ी राहत देखने को मिली। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने कई जगह पानी के छिड़काव और धूल नियंत्रण उपाय शुरू किए हैं, मगर राजधानी की हवा अब भी दमघोंटू बनी हुई है।

कई इलाकों में स्थिति खतरनाक
दिल्ली के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। आनंद विहार इलाके में AQI 392 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है। वहीं, आईटीओ और उसके आसपास के इलाकों में AQI 347 दर्ज किया गया। इन दोनों क्षेत्रों में धुंध और धूल की मोटी परत साफ दिखाई दे रही है।
ये भी पढ़ें: Mausam: गुरु नानक जयंती पर कहां तूफान की दस्तक? 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट! दिल्ली-बिहार का मौसम?
दूसरी ओर, लोधी रोड और तिलक मार्ग जैसे कुछ इलाकों में स्थिति थोड़ी बेहतर रही, जहां AQI क्रमशः 153 रहा, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
कर्तव्य पथ और अक्षरधाम के पास धुंध की चादर
कर्तव्य पथ क्षेत्र में मंगलवार को AQI 278 रहा, जो 'खराब' श्रेणी में है। सोमवार को यहां AQI 307 दर्ज किया गया था। वहीं अक्षरधाम मंदिर के आसपास की हवा में धुंध की मोटी परत बनी हुई है, जहां AQI 392 दर्ज किया गया। लोगों ने बताया कि सुबह और शाम के समय हवा में जलन और सांस लेने में कठिनाई महसूस हो रही है।
प्रदूषण रोकने के लिए किए जा रहे प्रयास
वायु गुणवत्ता में गिरावट को देखते हुए प्रशासन ने राजधानी के कई हिस्सों में ट्रक-माउंटेड वाटर स्प्रिंकलर और एंटी-स्मॉग गन तैनात किए हैं। साथ ही, सड़कों की सफाई और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन उपायों का उद्देश्य हवा में मौजूद धूल और सूक्ष्म कणों को कम करना है।
लोगों की परेशानी बढ़ी
दिल्ली के कई निवासियों ने प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत की है। दिल्ली निवासी सैफ ने कहा, "हवा में जलन हो रही है, आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ है। सरकार को जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।"
वहीं, भारत घूमने आए एक विदेशी नागरिक शेन ने कहा, "मैं आगरा से बस में दिल्ली आया, और जैसे-जैसे मैं दिल्ली के करीब पहुंचा, हवा और धुंध ज्यादा गंदी होती गई। यहां पहुंचते-पहुंचते सूरज तक नजर नहीं आ रहा था।"
मौसम विभाग का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि दिल्ली में आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की धुंध छाई रहेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की दिशा और तापमान में कमी के कारण प्रदूषण के कण नीचे जमा हो जाते हैं, जिससे AQI और बिगड़ता है।
दीवाली के बाद से बिगड़ी हवा
दीवाली के बाद से दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता लगातार 'खराब' और 'बेहद खराब' श्रेणियों में दर्ज की जा रही है। वर्तमान में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का स्टेज-2 लागू है, जिसके तहत निर्माण गतिविधियों पर नियंत्रण और वाहनों की जांच जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।
AQI श्रेणियां क्या बताती हैं
0 से 50: अच्छी
51 से 100: संतोषजनक
101 से 200: मध्यम
201 से 300: खराब
301 से 400: बेहद खराब
401 से 500: गंभीर
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' स्तर तक जा सकती है। फिलहाल दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से बचने के लिए मास्क पहनने और सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।
ये भी पढ़ें: 'अभी छोड़ दें दिल्ली', राजधानी की हवा बनी जहर, AQI पहुंचा सीजन के हाईएस्ट लेवल पर, डॉ. गुलेरिया ने दी चेतावनी












Click it and Unblock the Notifications