दिल्ली सरकार ने देश का पहला वर्चुअल स्कूल किया शुरू, जानिए कैसे 9वीं से लेकर 12वीं तक की होगी पढ़ाई
नई दिल्ली, अगस्त 31। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी दिल्ली के अंदर शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी घोषणा की है। सीएम ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया है कि हमने आज से दिल्ली के अंदर पहले वर्चुअल स्कूल की शुरुआत कर दी है। यह वर्चुअल स्कूल दिल्ली बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन से मान्यता प्राप्त होगा।

9वीं से 12वीं तक के छात्रों को मिलेगा दाखिला
इस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम ने बताया कि इस वर्चुअल स्कूल में 9वीं से लेकर 12वीं तक के छात्रों को दाखिला दिया जाएगा। कक्षा 9वीं में दाखिले की प्रक्रिया आज से ही शुरू हो गई है, हमने आज से ही 9वीं के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। बड़ी बात यह है कि इस वर्चुअल स्कूल के अंदर देश भर के किसी भी राज्य के छात्र एडमिशन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
लाइव कक्षाओं में भाग ले सकते हैं छात्र
इस दौरान सीएम ने बताया कि इस दिल्ली मॉडल वर्चुअल स्कूल में छात्र लाइव कक्षाओं में भाग ले सकते हैं और रिकॉर्ड किए गए सेशन को बाद में स्टडी मैटेरियल के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। सीएम ने इस दौरान कहा कि हम छात्रों को जेईई और एनईईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद करेंगे।
कैसे वर्चुअल स्कूल का आया आइडिया
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वर्चुअल स्कूल को शुरू करने का आइडिया कोरोना के समय हुई ऑनलाइन क्लासेस को ध्यान में रखते हुए आया था। वैसे तो बच्चों को फिजिकली स्कूल में जाना ही चाहिए, लेकिन जो स्कूल नहीं जा सकते, उन तक शिक्षा पहुंचाने के लिए हमने वर्चुअल स्कूल तैयार किया है। इसमें सभी क्लास ऑनलाइन होंगी, चाहे तो लाइव अटेंड कर ले या फिर रिकॉर्डिंग देख सकते हैं। इस स्कूल में आवेदन करने के लिए पूरे देश से कोई भी बच्चा www.DMVS.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications