India Bans Sugar Export 2026: भारत ने चीनी एक्सपोर्ट पर लगाया बैन! यूरोप को क्यों मिली छूट? रसोई पर क्या असर
India Bans Sugar Export 2026: केंद्र सरकार ने देश में चीनी की उपलब्धता और कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए चीनी के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड (DGFT) ने अधिसूचना जारी कर चीनी की निर्यात नीति को 'Restricted' से बदलकर 'Prohibited' कर दिया है।
यह प्रतिबंध 30 सितंबर 2026 तक या अगले आदेश तक लागू रहेगा। हालांकि सरकार ने कुछ विशेष परिस्थितियों और देशों को इस प्रतिबंध से छूट भी दी है।

यूरोपीय संघ (EU) और अमेरिका को तय कोटा व्यवस्था के तहत चीनी निर्यात जारी रहेगा। इसके अलावा एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम (AAS) और सरकार-से-सरकार (Government-to-Government) समझौते के तहत होने वाले निर्यात को भी अनुमति दी गई है।
DGFT Notification Sugar Export Prohibited: आखिर क्यों लगाया गया चीनी निर्यात पर बैन?
सरकार का कहना है कि वैश्विक बाजार में बढ़ती मांग और अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी के बीच अगर बड़े पैमाने पर निर्यात जारी रहता, तो देश के घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता प्रभावित हो सकती थी। इससे आम लोगों के लिए चीनी महंगी होने का खतरा पैदा हो सकता था।
The Central Government bans the export of sugar with immediate effect till September 30, 2026, or until further orders. Directorate General of Foreign Trade (DGFT) issues a notification amending the export policy from 'Restricted' to 'Prohibited'.
— ANI (@ANI) May 14, 2026
The prohibition will not apply… pic.twitter.com/TwafGBuXRl
सरकार को आशंका है कि आने वाले महीनों में त्योहारों और बढ़ती खपत के चलते घरेलू मांग और बढ़ सकती है। ऐसे में घरेलू स्टॉक सुरक्षित रखना जरूरी माना गया। भारत दुनिया के सबसे बड़े चीनी उत्पादक देशों में शामिल है और इससे पहले भी सरकार घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देने के लिए ऐसे कदम उठाती रही है।
Why USA Sugar Export Exempted: अमेरिका और यूरोपीय संघ (EU) को छूट क्यों?
सरकार ने यूरोपीय संघ और अमेरिका को CXL और TRQ कोटा के तहत चीनी निर्यात की अनुमति जारी रखी है। तय कोटा (CXL & TRQ Quota): भारत के यूरोपीय संघ (EU) और अमेरिका के साथ पुराने द्विपक्षीय समझौते हैं। इनके तहत एक निश्चित मात्रा (कोटा) में चीनी निर्यात करना अनिवार्य है। सरकार ने इन अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का सम्मान करते हुए इन्हें छूट दी है।
एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम AAS (Advance Authorisation Scheme) के तहत होने वाले निर्यात पर भी रोक नहीं लगेगी। G-to-G एक्सपोर्ट के तहत अगर किसी देश में भारी खाद्य संकट आता है और वहां की सरकार भारत से मदद मांगती है, तो मानवीय आधार पर सरकार-से-सरकार (G-to-G) सौदों के तहत चीनी भेजने की अनुमति दी जा सकती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इन समझौतों का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संबंधों को बनाए रखना और वैश्विक बाजार में भरोसा कायम रखना है। अगर भारत इन समझौतों का पालन नहीं करता, तो भविष्य में व्यापारिक विवाद खड़े हो सकते हैं। इसी वजह से सरकार ने पूरी तरह निर्यात बंद करने के बजाय कुछ सीमित श्रेणियों को राहत दी है।
किन निर्यातकों को मिलेगी राहत?
DGFT की अधिसूचना के अनुसार, जिन चीनी खेपों की लोडिंग पहले ही शुरू हो चुकी थी या जिनका शिपिंग बिल अधिसूचना जारी होने से पहले दाखिल किया जा चुका था, उन्हें राहत दी जाएगी। इसके अलावा जिन शिपमेंट को कस्टम अथॉरिटी को पहले ही सौंप दिया गया था और जिनकी एंट्री इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में दर्ज हो चुकी है, उन्हें भी निर्यात की अनुमति होगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए अन्य देशों को विशेष अनुमति के आधार पर चीनी निर्यात किया जा सकता है।
शिपमेंट के लिए क्या हैं नियम?
सरकार ने उन व्यापारियों को राहत दी है जिनका माल पहले से ही निर्यात की प्रक्रिया में है। इन शर्तों को पूरा करने वाले शिपमेंट को जाने की अनुमति होगी:
- यदि अधिसूचना जारी होने से पहले जहाज पर लोडिंग शुरू हो चुकी है।
- यदि शिपिंग बिल फाइल हो चुका है और जहाज भारतीय बंदरगाह पर पहुंच चुका है।
- यदि माल सीमा शुल्क (Customs) को सौंपा जा चुका है और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में इसकी एंट्री हो चुकी है।
देश और किसानों पर क्या पड़ेगा असर?
विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले का सबसे बड़ा असर घरेलू बाजार में दिखाई देगा। निर्यात पर रोक से देश में चीनी की उपलब्धता बनी रहेगी और कीमतों पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। इससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है। हालांकि दूसरी तरफ चीनी मिलों और निर्यातकों को झटका लग सकता है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंची कीमतों का फायदा उठाने का मौका सीमित हो जाएगा।
खासकर उन कंपनियों पर असर पड़ सकता है जो बड़े पैमाने पर निर्यात पर निर्भर हैं। चीनी उद्योग से जुड़े जानकारों का कहना है कि अगर घरेलू बाजार में अधिक स्टॉक जमा होता है, तो चीनी मिलों पर दबाव बढ़ सकता है। इससे गन्ना किसानों के भुगतान पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सरकार का दावा है कि घरेलू मांग मजबूत रहने के कारण स्थिति नियंत्रण में रहेगी।
सरकार का क्या कहना है?
वाणिज्य मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा और विदेश व्यापार नीति 2023 के तहत चीनी निर्यात की कैटेगरी में बदलाव किया गया है। सरकार ने साफ किया है कि अगर 30 सितंबर 2026 के बाद प्रतिबंध आगे नहीं बढ़ाया जाता, तो चीनी की निर्यात नीति फिर से 'Restricted' श्रेणी में लौट आएगी। फिलहाल इस फैसले को घरेलू बाजार को सुरक्षित रखने और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications