सेक्स सीडी में फंसे संदीप कुमार से प्रचार कराने पर भाजपा ने सविता खत्री को पार्टी से निकाला
भाजपा ने कहा कि 'आप' के किसी भी आपराधिक तत्व, जिनपर बलात्कार जैसे आरोप हैं, के साथ सांठ-गांठ पार्टी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एमसीडी चुनावों में नरेला के वार्ड नंबर 1-एन से अपनी प्रत्याशी सविता खत्री को पार्टी से बाहर कर दिया है। इसके साथ ही भाजपा ने पार्टी प्रत्याशी के तौर पर भी उनका नाम हटा दिया है। गौरतलब है कि सेक्स सीडी में फंसने के बाद आम आदमी पार्टी से निकाले गए दिल्ली के पूर्व मंत्री संदीप कुमार हाल ही में भाजपा उम्मीदवार सविता खत्री के पक्ष में वोट मांग रहे थे। मामला जैसे ही मीडिया में आया तो भाजपा पर सवाल उठने लगे।

मीडिया में सवाल उठने पर विवाद को शांत करने के लिए भाजपा ने अपनी उम्मीदवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया। भाजपा नेता वी सहस्रबुद्धे ने सविता खत्री के निष्कासन की जानकारी देते हुए बताया कि 'आप' के किसी भी आपराधिक तत्व, जिनपर बलात्कार जैसे आरोप हैं, के साथ सांठ-गांठ पार्टी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी।
क्या बोले थे संदीप कुमार?
इससे पहले भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पर जब संदीप कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह अपने सभी मित्रों के लिए प्रचार करेंगे, चाहे वह भाजपा, बसपा या कांग्रेस किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ें। हालांकि इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी का नाम नहीं लिया। संदीप कुमार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोला। पूर्व मंत्री ने कहा कि केजरीवाल झाड़ू के जरिए देश के लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
संदीप कुमार दिल्ली सरकार में अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री थे। पिछले साल उनकी एक सेक्स सीडी सामने आई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी और मंत्रिमंडल से निष्कासित कर दिया था। 9 मिनट लंबी इस सीडी में संदीप कुमार दो महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे थे। संदीप कुमार की सेक्स सीडी सामने आने पर भाजपा के कई नेताओं ने उनपर हमला बोला था। ये भी पढ़ें- MCD चुनाव में भाजपा की अपील, 'हाथी का बटन दबाओ, हमें जिताओ'












Click it and Unblock the Notifications