अनिल बैजल ने ली दिल्ली के नए उपराज्यपाल की शपथ, अरविंद केजरीवाल भी रहे मौजूद
अनिल बैजल को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का करीबी माना जाता है। बैजल का नाम तब सुर्खियों में आया था जब उन्हें जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल बनाने की बात चली थी।
नई दिल्ली। दिल्ली के नए उप-राज्यपाल के रूप में शनिवार को अनिल बैजल ने शपथ ग्रहण की। दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जी रोहिणी ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। उनके शपथ ग्रहण के मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे। नजीब जंग के इस्तीफा देने के बाद उन्हें यह इस पद पर नियुक्त किया गया था। अनिल बैजल दिल्ली के 21वें उपराज्यपाल बने हैं। गौरतलब है कि नजीब जंग ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था, हालांकि अभी उनका डेढ़ साल का कार्यकाल बचा हुआ था।

अनिल बैजल को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का करीबी माना जाता है। बैजल थिंक टैंक विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन की कार्यकारिणी के सदस्य भी रहे हैं। अनिल बैजल इससे पहले इंडियन एयरलाइन्स के एमडी, प्रसार भारती के सीईओ और दिल्ली विकास प्राधिकरण के वाईस चेयरमैन समेत कई अहम पदों पर रह चुके हैं। इससे पहले बैजल का नाम तब सुर्खियों में आया था जब उन्हें जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल बनाने की बात चली थी। बैजल 1969 में आइएएस बने थे और 2009 में शहरी विकास सचिव रहते हुए सेवानिवृत हुए थे।
आपको बता दें कि दिल्ली के पूर्व उप राज्यपाल नजीब जंग ने 22 दिसंबर को केंद्र सरकार को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। पूर्व आईएएस अधिकारी नजीब जंग ने जुलाई, 2013 में उप राज्यपाल का पदभार संभाला था। जंग ने अपने इस्तीफे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया था। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली की जनता को सहयोग और प्रेम के लिए खासकर राष्ट्रपति शासन के एक साल के समय के दौरान को लेकर धन्यवाद दिया था। कार्यकाल के दौरान अनेकों मतभेदों के बावजूद जंग ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी धन्यवाद कहा था। ये भी पढ़ें- जानिए अनिल बैजल के बारे में खास बातें












Click it and Unblock the Notifications