विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल से मुलाकात की, सरकार बनाने का पेश किया दावा
छत्तीसगढ़ के नए मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने विष्णुदेव साय को बधाई दी। उन्होंने भारत के संविधान की धारा 164 के तहत विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री नियुक्त करने संबंधित पत्र प्रदान किया। साथ ही कैबिनेट गठन के लिए आमंत्रित किया।
रायपुर में बीजेपी के नवनिर्वाचित 54 विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद रविवार दोपहर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में विष्णु देव साय के नाम की घोषणा की गई। आदिवासी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री साय ने कहा कि बीजेपी सबका विश्वास हासिल करने के लिए ईमानदारी से काम करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए वादों को पूरा करने का संकल्प लिया।

विष्णु देव साय ने आगे कहा कि मैं पूरी ईमानदारी से 'सबका विश्वास' के लिए काम करूंगा और 'मोदी की गारंटी' के तहत छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए वादे पूरे करूंगा। राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में हम वादों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। हाल ही में, संपन्न विधानसभा चुनाव में साय ने कुनकुरी विधानसभा सीट पर कुल 87,604 वोटों से जीत हासिल की। साय, बीजेपी में एक प्रमुख व्यक्ति हैं और उन्होंने पूर्व राज्य प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया है।
आपको बता दें कि विष्णु देव साय, प्रभावशाली साहू (तेली) समुदाय से आते हैं। जिनकी दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर संभाग में बड़ी उपस्थिति है। उन्होंने 2020 से 2022 तक छत्तीसगढ़ के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह पहले पीएम मोदी कैबिनेट में केंद्रीय खनन, इस्पात राज्य मंत्री थे। आदिवासी मतदाताओं के बीच उनका काफी सम्मान है।
बीजेपी को 54 और कांग्रेस को 35 सीटें मिलीं
मालूम हो कि राज्य में मतदान दो चरणों में हुआ था। पहले चरण में 7 नवंबर को 223 उम्मीदवार शामिल हुए थे और दूसरे चरण में 17 नवंबर को 958 उम्मीदवारों ने अपने चुनावी भाग्य को आजमाया। छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीटों में से बीजेपी को 54 और कांग्रेस को 35 सीटें मिलीं।












Click it and Unblock the Notifications