CG Election: बस्तर में रैली कर योगी और रवि किशन बनाएंगे बीजेपी के लिए माहौल, ये है कांग्रेस की जवाबी तैयारी
CG Election 2023: छत्तीसगढ़ में हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बस्तर की 12 सीटों समेत कुल 20 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए चुनावी माहौल बनाने का दौर अब शुरू हो चुका है। इसके साथ ही राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर चुनाव प्रचार में बड़े नेताओं का बस्तर पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
चुनाव आचार संहिता से पहले 3 अक्टूबर को जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जगदलपुर पहुंचे थे, वहीं 19 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बस्तर जिले के भाजपा के तीनों प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। इसके बाद अब आने वाले दिनों में भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के बस्तर पहुंचने की तैयारी की जा रही है।

बताया जाता है कि आने वाले दिनों में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बस्तर पहुंच सकते हैं। हालांकि अब तक इसे लेकर अधिकृत रूप से पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन पार्टी ने आंतरिक तौर पर इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इधर कांग्रेस के भी शीर्ष नेता राहुल गांधी भी नवंबर में बस्तर आ सकते हैं। इसके चलते कांग्रेस में भी तैयारी की जा रही है।
कांग्रेस ने भी अब तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि राहुल गांधी जनसभा होगी या फिर वे शहर में रोड शो करेंगे। इसके साथ ही योगी व राहुल के दौरे की तारीखें भी अब तक तय नहीं हो सकी हैं।
इस बीच भाजपा व कांग्रेस, दोनों ही दलों के स्टार प्रचारकों का बस्तर दौरा भी बन रहा है। इन हालातों में मतदान से 48 घंटे पहले, यानि 5 नवंबर के पहले स्टार प्रचारक बस्तर पहुंच सकते हैं।
इधर अभिनेता व सांसद रवि किशन के भी बस्तर दौरे को लेकर चर्चा है। बताया जाता है कि वे बस्तर संभाग में पहुंचकर लोगों के बीच आमसभा को संबोधित कर सकते हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के भी बस्तर दौरे पर आने की बात कही जा रही है।
मालूम हो कि भाजपा के स्टार प्रचारकों में भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी शामिल किया गया है, जिसमें हिमंता बिस्वा सर्मा हाल में छत्तीसगढ़ आए थे।
दूसरी तरफ पिछले विधानसभा चुनाव की तर्ज पर ही कांग्रेस छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी के एंट्री के मूड में दिख रही है। साल 2018 में बस्तर में पहले चरण में मतदान हुआ था, तब कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी की सभा के बाद वोटिंग के 48 घंटे पहले राहुल गांधी की सभा जगदलपुर में करवाई थी और यहीं से राहुल ने किसानों के कर्ज माफी और टाटा प्रभावित के जमीनों को वापस देने की घोषणा की थी।
इसके बाद सभा का माहौल पूरे प्रदेश में बना था। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि इस बार भी कांग्रेस ऐसी ही प्लानिंग कर रही है और माना जा रहा है वोटिंग से ठीक पहले राहुल की सभा आयोजित कर कोई घोषणा प्रदेश और आदिवासियों के लिए हो सकती है।
इसके अलावा राहुल के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस के कुछ स्टार प्रचारक भी बस्तर के अलग-अलग विधानसभा में आकर पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे। कांग्रेस की स्टार प्रचारकों में प्रदेश स्तर के नेताओं के ही बस्तर आने की उम्मीद है। बड़े नेता में राहुल बस्तर आ सकते है।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications