छत्तीसगढ़ः रायपुर पुलिस ने संबित पात्रा को फिर भेजा नोटिस, पेश होने के लिए मांगा समय
रायपुर। टूलकिट विवाद में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को दूसरी बार रायपुर पुलिस ने टूलकिट केस में प्रवक्ता संबित पात्रा को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को भी नोटिस भेजा है। रायपुर पुलिस ने बुधवार यानी कि 26 मई को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित होने के लिए कहा है। रायपुर पुलिस के एसएसपी अजय यादव ने कहा कि हमने संबित पात्रा को दूसरी बार नोटिस भेजा है। उन्हें वीडियो कांफ्रेंस या सशरीर उपस्थित होने के लिए कहा गया है, लेकिन वह पेश होने के लिए कुछ और समय की मांग कर रहे हैं।

बता दें कि बीते 23 मई को रायपुर पुलिस ने संबित पात्रा को उपस्थित होने के लिए पहली बार नोटिस भेजा था। संबित पात्रा और रमन सिंह को 23 मई की शाम चार बजे रायपुर के सिविल लाइन थाने में उपस्थित होने के लिए कहा गया था। लेकिन दोनों ही थाने नहीं पहुंचे। फिर 24 मई को रायपुर पुलिस डॉ. रमन सिंह के आवास पर पहुंचकर पूछताछ की थी। रायपुर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एसएचओ आरके मिश्रा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह और प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ मामला दर्ज है।
बता दें कि एनएसयूआई नेता प्रकाश शर्मा ने दोनों नेताओं के खिलाफ रायपुर के सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज करवाया था। एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि टूलकिट के नाम पर संबित पात्रा और रमन सिंह ने कांग्रेस के बड़े नेताओं को बदनाम करने की कोशिश की है। इसमें कांग्रेस पार्टी के फर्जी लेटर हेड का इस्तेमाल किया।
वहीं इस मामले पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि एक तरफ तो वे टूलकिट मामले को लेकर तुरंत ट्विटर कार्यालय जाते हैं, लेकिन यह न तो इसकी जांच करते हैं और न ही हमें जांच करने देते हैं। हर कोई मानता है कि यह एक साजिश है और इसका पर्दाफाश होना चाहिए। लेकिन कुछ लोग इसे छुपाने की कोशिश कर रहे हैं, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।












Click it and Unblock the Notifications