CG Election 2023: प्रियंका गांधी ने सड़क पर दिखाई ताकत, फूलों की बारिश के बीच रायपुर में किया रोड शो
छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रायपुर की सड़कों पर रोड शो कर ताकत दिखाई।
उत्साह से लबरेज कांग्रेसियों ने लोकप्रिय नेता को अपने बीच पाकर जमकर नारे लगाए। इस दौरान प्रियंका लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए वंदन करती चलीं।

मंगलवार की शाम रायपुर के राजीव गांधी चौक से शुरू हुआ ये रोड शो अलग-अलग रास्तों से होता हुआ तेलघानी नाका पहुंचकर समाप्त हो गया। रोड शो के दौरान प्रियंका के साथ खुले वाहन में सीएम भूपेश बघेल सहित रायपुर विधानसभा के उम्मीदवार भी उपस्थित रहे।
रोड शो तय समय से लगभग 1 घंटे देरी से शुरू हुआ। प्रियंका ने सबसे पहले राजीव चौक पर अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उनका रोड शो शुरू हुआ जो सिटी कोतवाली, सदर बाजार, आमापारा और अग्रसेन चौक होते हुए तेलघानी नाका पहुंचा।
जगह-जगह पर प्रियंका गांधी का स्वागत किया गया। इस दौरान घरों पर भी लोग कांग्रेस का झंडा लेकर उनका अभिवादन करते रहे। माना जा रहा है कि इस रोड शो से उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने में सफल रहेंगी। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लिए 17 नवंबर को मतदान होना है।












Click it and Unblock the Notifications