CG: छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू, मुख्य सचिव ने ली अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार को मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें तैयारियों पर चर्चा की गई। ज्ञात हो कि राज्य स्तरीय समारोह रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
इस समारोह में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के उप महानिरीक्षक परेड की निगरानी करेंगे, जिसमें पुलिस, सशस्त्र बल और एनसीसी के छात्र शामिल होंगे। स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे और प्रतिभागियों को स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

सौंपी गई प्रमुख जिम्मेदारियां
मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पुलिस विभाग यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा। रायपुर नगर निगम समारोह स्थल पर साफ-सफाई सुनिश्चित करेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा। बैठक में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणुजी पिल्लई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की सभी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस समारोह को हर वर्ष की तरह गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके सुचारू क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।
बैठक में पुलिस, कृषि, परिवहन, वाणिज्य एवं उद्योग, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, स्कूल शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनसंपर्क, गृह, आदिवासी विकास एवं अनुसूचित जाति विकास, स्वास्थ्य, संस्कृति आदि विभागों के प्रमुख अधिकारी शामिल थे।
यह भी पढ़ें CG: सीएम विष्णुदेव साय ने स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन












Click it and Unblock the Notifications