Chhattisgarh: 'कुछ लोग सत्ता की लालच में सनातन संस्कृति को तोड़ना चाहते हैं', रायगढ़ में PM मोदी
PM Modi in Chhattisgarh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में चुनावी प्रचार का आगाज कर दिया है। गुरुवार (14 सितंबर) को पीएम मोदी ने रायगढ़ में बीजेपी की विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ सरकार और INDI गठबंधन को जमकर आड़े हाथ लिया।
पीएम मोदी ने जनसभा में सनातन धर्म पर की गई टिप्पणी का भी मुद्दा उठाया। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि कुछ लोग सत्ता की लालच में सनातन संस्कृति को तोड़ना चाहते हैं।

INDI गठबंधन पर साधा निशाना
अपने बयान में पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अब INDI गठबंधन ने तय किया है कि वे भारत की सनातन संस्कृति को समाप्त करके रहेगा यानी जो संस्कृति हजारों साल से भारत को एक किए हुए है, ये लोग सत्ता के लालच में उसे तोड़ना चाहते हैं। सनातन संस्कृति वह है जिसमें भगवान राम शबरी को मां कहकर उनके जूठे बेर खाने का आनंद लेते हैं।
योजनाओं को गिनाया
पीएम मोदी ने अपना वादा याद दिलाते हुए कहा कि मैंने आपको गारंटी दी थी कि देश के गरीब को सशक्त बनाऊंगा। सिर्फ 5 सालों में ही 13.5 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। ये इसलिए हुआ क्योंकि भाजपा सरकार ने गरीबों के हित में योजनाएं बनाई। भाजपा ने गरीबों को गरीबी से लड़ने के साधन दिए।
बघेल सरकार को घेरा
वहीं राज्य की बघेल सरकार पर घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को कांग्रेस के ATM की तरह यूज किया जा रहा है। झूठा प्रचार और आकंठ भ्रष्टाचार ही छत्तीसगढ़ कांग्रेस की पहचान है। वे तो कहते हैं बहुत सालों बाद मौका मिला है, आगे नहीं मिलने वाला, यही समय है जितना हो सके लूटो। कांग्रेस और भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड आपके सामने है।
घोटालों का लगाया आरोप
कांग्रेस पर घोटालों का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि कांग्रेस जिस तरह घोटालों की राजनीति करती है, उसमें सिर्फ उसके नेताओं की तिजोरी भरती है। गरीब कल्याण में भले पीछे हों लेकिन भ्रष्टाचार में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार लगातार आगे बढ़ रही है। आप कल्पना करिए, अगर कोई गाय के गोबर में भी भ्रष्टाचार करे तो उसकी मानसिकता क्या होगी?
इसके अलावा नक्सली हमलों पर पीएम ने कहा कि एक समय था जब छत्तीसगढ़ केवल नक्सली हमलों और हिंसा के लिए जाना जाता था। भाजपा सरकार के प्रयासों के बाद आज छत्तीसगढ़ की पहचान यहां किए गए विकास कार्यों से हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications