Jharkhand: चाईबासा में फिर IED ब्लास्ट, धमाके में 1 जवान शहीद, 2 घायल
JharkhandIED Blast News: छत्तीसगढ़ में हुए दूसरे चरण के मतदान के दौरान नक्सली हमले की दो घटनाएं सामने आई है। वहीं इसी बीच पड़ोसी राज्य झारखंड के चाईबासा में नक्सलियों की ओर से प्लांट किए गए आईईडी धमाके में एक जवान शहीद हो गया, साथ ही दो जवानों के घायल होने की खबर है।
इससे पहले शुक्रवार शाम को ही छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में वोटिंग खत्म होने से बाद मतदान केंद्र से लौट रही पोलिंग पार्टी पर आईईडी हमला किया गया था, जिसमें एक आईटीबीपी के जवान की मौत हो गई है। वहीं इसके बाद चाईबासा में नक्सलियों के हमले की दूसरी बड़ी खबर आई।

चाईबासा में सीआरपीएफ जवान की मौत
चाईबासा में एक बार फिर आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसकी चपेट में आकर एक जवान शहीद हो गया, जबकी दो घायल है। एसपी चाईबासा ने बताया कि IED ब्लास्ट में एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को निकालकर इलाज के लिए रांची भेजा गया है।
बता दें कि नक्सल विरोधी अभियान में जंगली इलाकों में निकले जवानों को निशाना बनाया गया है। आईईडी धमाके से घायल हुए तीन जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया है, जिसमें से एक जवान ने दम तोड़ दिया, जबकि दो जवानों का उपचार जारी है।
मालूम हो कि चाईबासा में झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ बलों के जवानों की ओर से पिछले कई महीनों से नक्सलियों के खिलाफ लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में शुक्रवार शाम को जवान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए आईईडी बम की चपेट में आ गए।
गरियाबंद में ITBP जवान शहीद
गरियाबंद जिले में शाम को नक्सलियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में ITBP के एक जवान की जान चली गई। गरियाबंद के एडिशनल एसपी ने बताया कि घटना तब हुई जब मतदान दल मतदान संपन्न होने के बाद वापस लौट रहा था। मतदान दल सुरक्षित गरियाबंद पहुंच गया है। घटना मतदान केंद्र से करीब 3 किमी दूर हुई। पुलिस हाई अलर्ट पर है।
वहीं आईजी रायपुर रेंज आरिफ शेख ने जानकारी देते हुए कहा कि जब पोलिंग पार्टी बड़े गोबरा मतदान केंद्र से लौट रही थी, तभी नक्सलियों ने पोलिंग पार्टी को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट किया था। धमाके में आईटीबीपी के हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह की मौत हो गई। पोलिंग पार्टी और ईवीएम मशीन सुरक्षित गरियाबंद पहुंची।












Click it and Unblock the Notifications