धर्म संसद आयोजित करवाने वाले नीलकंठ त्रिपाठी बना रहे हैं धर्म रक्षा सेना, रिटायर्ड हिन्दू सैनिको की होगी भर्ती
रायपुर, 27 मई। छत्तीसगढ़ में विवादित धर्म संसद आयोजित करवाने वाले नीलकण्ठ सेवा संस्था के संस्थापक नीलकण्ठ त्रिपाठी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। त्रिपाठी ने घोषणा की है कि वह छत्तीसगढ़ में भारतीय सेना की तरह ही धर्म रक्षा सेना का गठन करेंगे,जिसमे हिन्दू रिटायर्ड फौजियों की भर्ती की जाएगी।

25 दिसंबर 2021 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर धर्म संसद का आयोजन करवाकर नीलकंठ त्रिपाठी पहली बार सुर्खियों में आये थे। इस आयोजन के दौरान कथित संत कालीचरण महाराज ने खुले मंच से महात्मा गांधी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। कालीचरण की इस करतूत के बाद उनपर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद नीलकंठ त्रिपाठी ने कुछ भाजपा नेताओं के साथ मिलकर कालीचरण की रिहाई के लिए मुहीम चलाई थी।
इंडियन आर्मी की तर्ज कर काम करेगी धर्मरक्षा सेना
छत्तीसगढ़ में भाजपा धर्मनान्तरण के मुद्दे को बड़े ज़ोर शोर से उठा रही है,ऐसे में नीलकंठ त्रिपाठी का धर्म रक्षा सेना के गठन करने का ऐलान सियासी चर्चाओं में बना हुआ है। नीलकण्ठ सेवा संस्था के संस्थापक नीलकंठ त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय सेना की तरह की धर्म रक्षा सेना का गठन किया जाएगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ में सदस्यता अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान के लिए रायपुर में स्थित शदाणी दरबार मे संत युद्धिष्ठिर लाल की अगुवाई में बैठक भी हो चुकी है,जिसमे नीलकण्ठ त्रिपाठी के अलावा भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने, स्वामी राजेश्वरानंद शामिल हुए थे ।
रिटायर्ड हिन्दू सैनिकों को दी जाएगी प्राथमिकता
नीलकंठ त्रिपाठी के सहयोगी सिंधी समुदाय के धर्मगुरु संत युद्धिष्ठिर लाल का कहना है कि धर्म रक्षा सेना का गठन एक सेना की तरह ही होना चाहिए, जिस तरह से आर्मी में फील्ड मार्शल, जनरल, कर्नल, मेजर, लेफ्टिनेंट जनरल को पदभार देकर इंडियन आर्मी तैयार की जाती है , उसी तरह धर्म की रक्षा के लिए सेना तैयार की जानी चाहिए,धर्म रक्षा सेना में रिटायर हिन्दू सैनिक को प्राथमिकता देनी चाहिए।
प्रमुख कर्ताधर्ता नीलकण्ठ त्रिपाठी का कहना है कि धर्म रक्षा सेना केवल सनातन धर्म की रक्षा के लिए काम करेगी। भविष्य में प्रदेश के हर जिले में धर्मसभा आयोजित करने के लिए धर्म रक्षा सेना रूपरेखा तय करेगी।इस सेना में अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को जोड़ा जाएगा।भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि धर्म रक्षा सेना लव जिहाद , धर्मांतरण जैसे विषयों पर काम करने के अलावा सनातनी संस्कृति का प्रचार भी करेगी। स्वामी राजेश्वरानंद ने कहा कि धर्म सेना संतो के मार्गदर्शक में काम करेगी।
यह भी पढ़ें चाय पर चर्चा के बाद भाजपा का नया अभियान, किसानों संग टिफिन पर चर्चा करके बनाएगी माहौल












Click it and Unblock the Notifications