Chhattisgarh News: बरदेला में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर सड़क पर लगाई आग, बस में बैनर टांग कर किया रवाना
Chhattisgarh News: बीजापुर जिले के बरदेला इलाके में नक्सलियों ने बुधवार की देर शाम जमकर उत्पात मचाया है। खबर है कि नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट करने के साथ ही फायरिंग भी की है।
सूत्रों के मुताबिक गुरूवार को नक्सलियों ने बीजापुर बंद का आह्वान किया है। बीते दिनों पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में मारे गए 8 लाख के ईनामी नक्सली नागेश पदम की मौत के विरोध में नक्सलियों ने बंद बुलवाया है।

इधर नक्सलियों ने अपना वर्चस्व दिखाने के उद्देश्य से बरदेला गांव को पूरी तरह से खाली करवा दिया है। वहीं मौके से कई गाड़ियों को भी वापस भेज दिया है। इस बीच बीजापुर से रायपुर जा रही यात्री बस को भी रोककर उसमें सवार सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया और बस में बैनर बांधकर उसे वापस बीजापुर के लिए रवाना करवा दिया।
ऐसा माना जा रहा है कि नक्सली अपने वर्चस्व को बनाए रखने सड़क को ब्लॉक करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए सड़क पर लकड़ियों का ढेर लगाकर इसमें आग भी लगा दी गई है। बस से उतारे गए यात्रियों को पैदल ही बीजापुर तक जाना पड़ रहा है। इधर नक्सलियों की मौजूदगी की खबर मिलते ही पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंच गए और मोर्चा संभाल लिया है।
इस बीच दोनों तरफ से रूक-रूककर फायरिंग जारी है। नक्सलियों ने जो बैनर लगाए हैं, उसमें गुरूवार को बंद का ऐलान किया है। इसके साथ ही नक्सली नेता मोहन ने स्वास्थ्य सुविधाओं को छोड़कर सभी को बंद का समर्थन देने अपील की है। बंद को लेकर नेशनल हाइवे पर कर्रेकरका व गंगालूर सड़कों पर भी नक्सलियों ने बैनर लगाए हैं।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications