छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स कैंप में जवान ने अपने साथियों पर की अंधाधुंध फायरिंग, दो जवानों की मौत
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के आमदई घाटी कैंप में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के जवानों में आपसी विवाद हो गया। इस दौरान एक जवान ने खुलेआम फायरिंग कर दी। इसके चलते इस घटना में सीएएफ के दो जवानों की मौत हो गई। अमदई घाटी कैंप में जवानों के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में एक जवान ने साथी जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि CAF 9 बटालियन के जवान ने फायरिंग की है।

फायरिंग के दौरान 2 जवानों की मौत हो गई, वहीं एक जवान गोली लगने से घायल हो गया है। इस घटना की पुष्टि बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने की है। यह छोटेडोंगर थाने का मामला है। फायरिंग करने वाले आरोपी जवान का नाम घनश्याम कुमेटी बताया जा रहा। वहीं फायरिंग में रामेश्वर साहू और बिन्तेश्वर साहनी की मौत हो गई है और लछु राम घायल है। घायल जवान को रायपुर रिफर कर दिया गया है।
छोटेडोंगर थाने की पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने मामले की पुष्टि की है। CF- 9 वीं बटालियन डी कंपनी के जवानों के बीच आपसी झड़प हो गई। इसी झड़प के कारण आरोपित जवान ने अपने साथियों पर फायरिंग कर दी।
बता दें कि इससे पहले भी ऐसी घटना घट चुकी है। करीब 6 माह पूर्व ओरछा के कड़ेनार स्थित आईटीबीपी कैंप में एक जवान ने अपने साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस फायरिंग में 6 जवानों की मौत हो गई थी। बाद में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित जवान ने खुद को भी गोली मार ली थी।












Click it and Unblock the Notifications