छत्तीसगढ़ः मुंगेली में अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक पुल से टकराई, मौके पर तीन की मौत
मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के चिल्फी चौकी क्षेत्र में शनिवार दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अनियंत्रिक बाइक पुल से जा टकराई, जिसके चलते मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फिर परिजनों को सौंप दिया। तीनों युवक आपस में रिश्तेदार थे। लेकिन दोस्तों की तरह रहते थे।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक जरहागांव निवासी निराला सोनवानी, पंडरिया निवासी विष्णु भास्कर और फास्टरपुर निवासी मथुरा बंजारा तीनों एक बाइक पर सवार होकर शनिवार को रिश्तेदार के घर घुटरकुंडी जा रहे थे। तभी उनकी बाइक बोड़तरा से पंडरिया के बीच चिल्फी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पुल से जा भिड़ी। हादसा होता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस तीनों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक जिस बाइक पर सवार थे, उसकी रफ्तार काफी तेज थी। तीनों में से किसी ने बी हेलमेट नहीं पहन रखा था। तीनों की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।
जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया
वहीं दंतेवाड़ा में शनिवार की दोपहर नक्सलियों के साथ डीआरजी जवानों की मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो नक्सली मारे गए। जवानों ने दोनों नक्सलियों के शव को बरामद कर लिया। वहीं कई नक्सलियों के घायल होने का भी दावा किया जा रहा है। एसपी अभिषेक पल्लव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बड़े गुडरा कवासीपारा के जंगल में 15 से 20 नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी।
इसके बाद शनिवार की सुबह थाने से डीआरजी जवानों को भेजा गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे जवान जंगल में गए तो पहले से घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब आधे घंटे चली इस मुठभेड़ में जवानों ने दो इनामी नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों की पहचान डोंगरीपारा कटेकल्याण निवासी LGS डिप्टी कमांडर हड़मा माड़वी और एतेपाल निवासी जनमिलिशिया कमांडर आयता के रूप में हुई है। हड़मा माड़वी पर तीन लाख रुपये और एतेपाल पर एक लाख रुपये का इनाम था।












Click it and Unblock the Notifications