सनी लियोनी के नाम पर हर महीने 1 हजार रुपये की धोखाधड़ी, एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर दिया ये रिएक्शन
Sunny Leone Reaction: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के तालुर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें राज्य की भाजपा सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी के नाम पर हर महीने 1 हजार रुपये ट्रांसफर किए जा रहे थे। इस मामले के उजागर होते ही सनी लियोन ने अपनी प्रतिक्रिया दी और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
सनी लियोनीने इंस्टाग्राम में दी यह प्रतिक्रिया
सनी लियोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी पोस्ट करते हुए लिखा, "छत्तीसगढ़ में धोखाधड़ी की घटना के बारे में जानना दुर्भाग्यपूर्ण है, जहां मेरी पहचान या नाम का गलत इस्तेमाल किया गया है। महिलाओं को सशक्त बनाने और लाभ पहुंचाने के लिए बनाई गई योजना का इस तरह से दुरुपयोग और गलत तरीके से प्रस्तुत किया जाना दुखद है। मैं इस कृत्य की कड़ी निंदा करती हूं और इस मामले की पूरी तरह से जांच करने और समाधान करने के अधिकारियों के प्रयासों में उनका पूरा समर्थन करती हूं।"

एक्स यूजर ने किया था मामले का खुलासा
मामले के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स यूजर ने इस धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया, जब उसने स्क्रीनशॉट शेयर किया। जांच में पता चला कि बस्तर जिले के तालुर गांव में महतारी वंदन योजना के लिए सनी लियोनी और उनके पति जॉनी सिंस के नाम पर फर्जी आवेदन डाला गया था। इस आवेदन को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पर्यवेक्षक ने सत्यापित किया और आगे फॉरवर्ड किया। फिर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता देवमती जोशी की आईडी से आवेदन रजिस्टर्ड किया गया।
संबधित खबर पढ़िए 'छत्तीसगढ़ महतारी वंदन योजना' का लाभ ले रही हैं Sunny Leone? शुरू हुआ सियासी घमासान, पढ़िए खबर
सनी लियोनी के नाम से दिया था फर्जी आवेदन, आरोपी वीरेंद्र जोशी को गिरफ्तार
आरोपी वीरेंद्र जोशी ने सनी लियोनी के नाम का फर्जी आवेदन और बैंक खाता दिया। सत्यापन के बाद इस फॉर्म को महतारी वंदन योजना के लिए पात्र घोषित कर दिया गया। इसके बाद इस खाते में मार्च 2024 से लेकर दिसंबर 2024 तक हर महीने 1 हजार रुपये की राशि डाली गई, जिससे कुल 10 हजार रुपये जमा किए गए।

छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी वीरेंद्र जोशी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, इस प्रकरण में लापरवाही बरतने के कारण संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता देवमती जोशी को बर्खास्त कर दिया गया है। पर्यवेक्षक प्रभा नेताम और परियोजना अधिकारी ज्योति मथरानी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें नए साल से पहले छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार संभव, जानिए किन विधायकों की लग सकती है लॉटरी












Click it and Unblock the Notifications