मध्य प्रदेश: केंद्रीय मंत्री के साथ सीएम मोहन यादव ने किए भगवान महाकाल के दर्शन, की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं रसायन व उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने महाकालेश्वर मंदिर में पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
गर्भगृह के बाहर द्वार से दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूजन-अर्चन राजेश गुरु आदि ने संपन्न करवाई। पूजन-अर्चन के बाद मुख्यमंत्री, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री, उप मुख्यमंत्री को कलेक्टर एवं महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने भगवान महाकाल की तस्वीर, प्रसाद, दुशाला भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक सतीश मालवीय, यूडीए अध्यक्ष श्याम बंसल, संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल, आईजी संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी सचिन शर्मा, विवेक जोशी, विशाल राजौरिया, जगदीश अग्रवाल, इकबाल सिंह गांधी, राजपाल सिंह सिसौदिया, संजय अग्रवाल, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, सत्यनारायण खोईवाल, मुकेश यादव, सचिन सक्सेना, मुकेश जैन, धनंजय शर्मा, जगदीश पांचाल, दिनेश जाटवा, ऋषि वर्मा आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मन्दिर देवदर्शन के पहले वाल्मीकिधाम स्थित राष्ट्रीय सन्त बालयोगी उमेशनाथ महाराज के आश्रम पहुंचकर समाधि के दर्शन कर बालयोगी उमेशनाथ महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उमेशनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री का सम्मान कर आशीर्वाद प्रदान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भर्तृहरि गुफा पहुंचकर शिव गोरखनाथाय का पूजन-अर्चन किया। भर्तृहरि गुफा के गादीपति महंत रामनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने महंत रामनाथ महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। भर्तृहरि गुफा में स्थित गौशाला में गौमाता को भूसा खिलाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल गऊघाट स्थित महन्त रामेश्वरदास के आश्रम पहुंचकर महन्तश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।
आश्रम के महन्तों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इस अवसर पर रामेश्वरदास महाराज, महाकालेश्वर मन्दिर के महन्त विनीत गिरि महाराज, महामण्डलेश्वर मंदाकिनी दीदी, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती आदि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन्दौर रोड स्थित तपोभूमि पहुंचकर तपोभूमि प्रणेता आचार्य प्रज्ञासागर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का जैन समाज के नागरिकों ने अभिनन्दन किया। इस अवसर पर उन्हें मालवा गौरव से सम्मानित कर जैन समाज के पदाधिकारियों ने 58 प्रकार के विविध फलों से एवं मालाओं से मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री को आचार्य प्रज्ञासागर महाराज ने दंड भेंट किया। धर्मदण्ड प्रदान कर आचार्य प्रज्ञासागर महाराज ने कहा कि यह धर्मदण्ड रक्षा करेगा और धर्मदण्ड न्याय का प्रतीक है और मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता में न्याय प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आचार्य प्रज्ञासागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आचार्य प्रज्ञासागर महाराज ने कहा कि मेरी ओर से और जैन समाज की ओर से उन्हें चौबीसों घंटे आशीर्वाद मिलता रहेगा। सकल जैन समाज की ओर से मुख्यमंत्री का समाजसेवी अशोक जैन ने तिलक लगाकर, पगड़ी पहनाकर उनका अभिनन्दन किया। इसी तरह सांसद अनिल फिरोजिया, विधायकद्वय अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, ओम जैन, राकेश अग्रवाल, कपिल यार्दे आदि ने मुख्यमंत्री को माला पहनाकर उनका अभिनन्दन किया।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि हमें कई पुण्यों के बाद मानव योनी प्राप्त होती है। मानव योनी प्राप्त होने पर व्यक्ति देवमार्ग पर चलता है या लोभ-लालच की राह पर चलता है। यह हमें तय करना है। मनुष्य के जन्म के बाद परमात्मा सन्तों के सान्निध्य से आशीर्वाद मिलते हैं और उनके बताये गये सही रास्ते पर चलकर मानव कल्याण के लिये काम करें।












Click it and Unblock the Notifications