कोरबाः आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे दो युवकों की मौत
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक तेज आंधी शुरू हो गई। फिर बचने के लिए दोनों युवक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जिले के सुदूर वनांचल चिर्रा गांव में रविवार सुबह स्थानीय दो युवक कन्हैया राठिया (30) और टीका राम अगरिया (31) काम करने के लिए खेत में गए थे। इसी दौरान सुबह करीब 10.30 बजे अचानक मौसम बदलने लगा और हल्की बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए दोनों पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए।
ग्रामीणों ने परिजनों को दी घटना की जानकारी
तेज आंधी के साथ बिजली चमकना शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। इसके चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। थोड़ी देर बाद जब मौसम शांत हुआ तो अन्य ग्रामीणों को घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस कार्रवाई कर रही है।
मौसम विभाग ने जताई है गरज चमक के साथ बारिश की संभावना
प्रदेश में गर्मी के बावजूद कई दिनों से मौसम में परिवर्तन बना हुआ है। प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर आंधी, बारिश जारी है। इसके कारण तापमान में भी अंतर देखा जा रहा है। मौसम विज्ञानियों ने अगले एक-दो दिनों तक प्रदेश में मौसम सामान्य रहने के संकेत दिए हैं। वहीं रविवार को कई जगहों पर गरज-चमक के साथ वर्षा की चेतावनी दी है।












Click it and Unblock the Notifications