कांग्रेस परजीवी पार्टी है,सहयोगियों अस्तित्व समाप्त कर देती है', CG में विपक्ष पर बरसे जेपी नड्डा
Chhattisgarh Janadesh Parab: छत्तीसगढ़ सरकार के एक साल पूरे होने पर बुधवार को राज्य की भाजपा सरकार ने राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 'जनादेश परब' कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला।
जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को यह भ्रमित कर रही है कि महतारी वंदन योजना बंद हो जाएगी, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना को बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि कांग्रेस का भविष्य बंद हो जाएगा। नड्डा ने बताया कि अब छत्तीसगढ़ में पारदर्शी पीएससी चयन प्रक्रिया लागू की गई है और भूपेश बघेल सरकार के दौरान किए गए भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

भाजपा सरकार को स्थिर रखने की अपील
जेपी नड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह की सरगुजा से नक्सलवाद के खात्मे की सराहना करते हुए कहा, "अब यह सरकार बस्तर से नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में काम कर रही है।" उन्होंने कांग्रेस को निशाना बनाते हुए कहा, "कांग्रेस राष्ट्रीय हित को दरकिनार करके केवल सत्ता की गद्दी पर बैठना चाहती है।" उन्होंने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस की "धोखेबाज" राजनीति से सचेत रहें और कहा कि अब छत्तीसगढ़ की जनता ने सही फैसला लिया है, जब सरकार बदलने का वक्त आया था, लेकिन अब इसे स्थिर रखना होगा। भाजपा हमेशा जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और कांग्रेस को आराम करने की बजाय काम करने का अवसर देना चाहिए।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पांच साल पहले राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में वादा किया था कि कांग्रेस सत्ता में आएगी तो महिलाओं को 72 हजार रुपये मिलेंगे, लेकिन यह सब झूठ था। अब छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के तहत महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये मिल रहे हैं।
नड्डा ने कांग्रेस को परजीवी पार्टी करार देते हुए कहा कि यह पार्टी अपने सहयोगियों को सुखा देती है और उनका अस्तित्व समाप्त कर देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता की गद्दी पर बैठने के लिए साजिशें रच रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता ने सही फैसला लिया और सरकार बदल दी है।
जेपी नड्डा के भाषण की 6 बड़ी बातें
1. कांग्रेस महतारी वंदन योजना के बंद होने की अफवाह फैला रही है, लेकिन यह योजना भाजपा सरकार के तहत जारी रहेगी।
2. छत्तीसगढ़ पब्लिक सर्विस कमीशन में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू की गई है।
3. नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए भाजपा सरकार काम कर रही है, जैसा पहले रमन सिंह के नेतृत्व में सरगुजा में हुआ था।
4. भारत अब दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, और कांग्रेस मोदी सरकार के विरोध में देश के विरोध में काम कर रही है।
5. कांग्रेस एक परजीवी पार्टी है, जो अपनी सत्ता के लिए देश को अस्थिर करने की कोशिश करती है।
6. छत्तीसगढ़ की जनता ने सही फैसला लिया और भाजपा सरकार को सत्ता में लाया है। अब इसे स्थिर बनाए रखना जरूरी है।
सीएम विष्णुदेव साय का दावा: कांग्रेस ने वादे नहीं निभाए
कार्यक्रम में सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य की बात है कि आयुष्मान भारत कार्ड की शुरुआत बीजापुर से हुई थी, जब जेपी नड्डा स्वास्थ्य मंत्री थे। उन्होंने एक साल में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का ब्योरा दिया और कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को भ्रष्टाचार से मुक्त करने का प्रयास किया है।
सीएम साय ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने अपने चुनावी वादों को पूरा नहीं किया और छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया। उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए भाजपा सरकार ने कदम उठाए हैं। साथ ही मोदी सरकार की योजनाओं को प्रदेश में लागू किया है और महतारी वंदन योजना का लाभ तब तक मिलेगा, जब तक भाजपा की सरकार रहेगी।"
अगला साल होगा 'अटल निर्माण वर्ष'
सीएम साय ने आगे बताया कि अगले साल को 'अटल निर्माण वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा और 'बस्तर ओलंपिक' की शुरुआत बस्तर के लिए की जाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष में प्रवेश करेगा और प्रदेश को एक नई दिशा देने के लिए भाजपा कार्य कर रही है।
इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा, जो आगामी विधानसभा चुनावों के पहले राजनीतिक माहौल को और गरमा सकता है।
यह भी पढ़ें दिल्ली में प्रदूषण और ट्रैफिक जाम मिलेगी निजात, केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने बताया अपना प्लान
कांग्रेस ने पोस्टर प्रदर्शन, साय सरकार को बताया 'विफल'
छत्तीसगढ़ में भाजपा के एक साल के शासन के अवसर पर कांग्रेस ने राज्यभर में भाजपा सरकार की विफलताओं के खिलाफ पोस्टर प्रदर्शन आयोजित किया। कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य के सभी जिलों के मुख्य चौक-चौराहों पर एक घंटे का मौन प्रदर्शन किया, जिसमें भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी और पोस्टर लगाए गए।

इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने भाजपा सरकार की कई प्रमुख विफलताओं को उजागर किया, जिनमें बलौदाबाजार अग्निकांड , लोहारीडीह हत्याकांड, बलरामपुर पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत, आदिवासी फर्जी मुठभेड़, हसदेव जंगल की कटाई, महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध और प्रदेश में बदहाल कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों को शामिल किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल ने छत्तीसगढ़ की जनता को केवल निराश किया है। भाजपा ने केवल पिछली सरकार की योजनाओं को बंद किया और कोई नई योजना नहीं लाई। यह सरकार सिर्फ दुर्भावना वाली सरकार साबित हुई है।" उन्होंने कहा कि साय सरकार ने जनता के हित में चल रही योजनाओं को जानबूझकर बंद किया है, और यह सरकार भ्रष्टाचार और कुशासन से घिरी हुई है। भाजपा की 'विष्णुदेव सरकार' एक साल में पूरी तरह से विफल साबित हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications