'मार्च 2026 तक नक्सल समस्या मुक्त हो जाएगा देश', रायपुर में अमित शाह ने किया बड़ा दावा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। इस दौरान शाह ने छत्तीसगढ़ सीएम विष्णु देव साय पुलिस महानिदेशकों के साथ अंतर-राज्यीय समन्वय बैठक में शनिवार 24 अगस्त को भाग लिया। इस दौरान रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए नक्सलवाद पर बड़ा बयान दिया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मुझे विश्वास है कि हमारी लड़ाई अंतिम चरण में पहुंच गई है और हम देश को मार्च 2026 तक पूरी तरह से नक्सल समस्या से मुक्त कर पाएंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और काफी हद तक महाराष्ट्र नक्सल समस्या से मुक्त हो चुके हैं।

रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए शाह ने कहा, 'नक्सल प्रभावित जिलों में भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार की सभी योजनाओं का 100% क्रियान्वयन हो, ऐसे क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति हो और ऐसी परियोजनाओं के दौरान आने वाली चुनौतियों को दूर किया जा सके, इसके लिए यह बैठक आयोजित की गई थी।'
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि वामपंथी उग्रवाद की समस्या पर एक मजबूत रणनीति के साथ अंतिम प्रहार किया जाए। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कुछ फैसले भी लिए हैं, जो लोग वामपंथी उग्रवाद के लंबे समय के प्रभाव के कारण निरक्षर रहे हैं चाहे उनकी उम्र कुछ भी हो।
उन्हें साक्षर बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और भारत सरकार का गृह मंत्रालय एक अभियान चलाएगा। तेंदूपत्ता की खरीदी में हम अमूलचूल परिवर्तन भी करेंगे। इतना ही नहीं, शाह ने कहा कि कहीं 3 राज्यों का तो कहीं 2 राज्यों का संयुक्त टास्क फोर्स बनाया गया है, जहां जैसा जंक्शन है वह बनाया गया है।
सूचनाओं के आदान-प्रदान का खाका मजबूत किया गया है और भारत सरकार की एजेंसियां सभी राज्यों के बीच समन्वय के लिए काम कर रही हैं और संयुक्त टास्क फोर्स के हमें बहुत अच्छे परिणाम मिले हैं। अमित शाह ने कहा कि पहले 10 वर्षों में 6617 सुरक्षाकर्मी और नागरिकों की मृत्यु हुई थी और अब इसमें 70% की कमी आई है।
मुझे विश्वास है कि हमारी लड़ाई अंतिम चरण में पहुंच गई है और हम देश को मार्च 2026 तक पूरी तरह से नक्सल समस्या से मुक्त कर पाएंगे। इस दौरान जनगणना के मद्दे को लेकर शाह ने कहा कि उचित समय पर करेंगे, जब तय करेंगे तब मैं घोषणा करूंगा कि कब होगा कैसे होगा।












Click it and Unblock the Notifications