छत्तीसगढ़ः मानिसक रूप से विक्षिप्त बुआ ने भतीजा-भतीजी को पिला दिया जहर, बच्चों की मौत
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के पायलीखंड थाना क्षेत्र में बीते रविवार की देर शाम को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने खेल-खेल में अपने मासूम भतीजे और भतीजी को कीटनाशक दवा पिला दी। इसके बाद खुद भी पी लिया। फिर तीनों की हालत खराब होता देख परिजन अस्पताल ले गए, जहां दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से बीमार है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक जांगड़ा गांव निवासी 22 वर्षीय गायत्री मानसिक रूप से बीमार है। वह रविवार की दोपहर के अपने बड़े भाई तारक राम के बच्चे 6 वर्षीय निफुन और ढाई वर्षीय बेटी निर्जला के साथ घर के बाहर ही खेल रही थी। खेलते-खेलते वे पड़ोसी के घुरवा के पास चले गए। बताया जा रहा है कि वहीं एक शीशी में तरल पदार्थ भरा हुआ था, जिसे गायत्री ने पी लिया और दोनों बच्चों को भी पिला दिया। फिर तीनों घर लौटे तो उनकी तबीयत खराब होने लगी।
हालांकि उस वक्त परिजनों को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। लेकिन जब उन्होंने पास में कीटनाशक की शीशी देखी तो आनन-फानन में मैनपुर अस्पताल ले गए, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। देर शाम इलाज के बाद दोनों बच्चों की मौत हो गई।
वहीं एसपी रघुनंदन राठौर ने बताया कि बच्चों द्वारा कीटनाशक सेवन की बात सामने आई है, बच्चों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा उसके बाद असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि कीटनाशक दवाई किसने खुले में फेंकी और कौन लोग दोषी हैं उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications