छत्तीसगढ़: कांग्रेस नेताओं के घरों पर ED की बड़ी छापेमारी, पूर्व मंत्री कवासी लखमा के घर भी पहुंचे अफसर
Chhattisgarh ED Raid: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं के घरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में सबसे बड़ा नाम पूर्व आबकारी मंत्री और कोंटा विधायक कवासी लखमा का है। शनिवार सुबह से रायपुर में कवासी लखमा के घर समेत सुकमा जिले में उनके पुत्र हरीश कवासी, सुकमा जिला पंचायत अध्यक्ष राजू साहू और अन्य नेताओं के ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं।
सुकमा में यह छापेमारी बड़ी संख्या में सीआरपीएफ जवानों की तैनाती के बीच हो रही है। ईडी की टीम ने कवासी लखमा के घर के अलावा उनके बेटे हरीश कवासी और नगर पालिका अध्यक्ष राजू साहू के घरों पर भी दबिश दी है। अधिकारियों की टीम ने लखमा के धरमपूरा स्थित निवास को घेरा और जांच शुरू की। रायपुर में ईडी की टीम ने कांग्रेस नेता सुशील ओझा के ठिकानों पर भी दबिश दी है। सुशील ओझा को कवासी लखमा का करीबी माना जाता है।यह छापेमारी शराब घोटाले मामले से जुड़ी हुई बताई जा रही है। फिलहाल, कांग्रेस की ओर से इस कार्रवाई पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ईडी कर रही है शराब घोटाले में जांच
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ईडी जांच कर रही है। ईडी ने एसीबी में FIR दर्ज कराई है, जिसमें 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले का आरोप है। ईडी की जांच में यह सामने आया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में कई नेता और अफसर अवैध सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दे रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पूरा सिंडिकेट सरकार के इशारों पर ही चलता रहा। तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा को भी इसकी जानकारी थी और कथित तौर पर कमीशन का बड़ा हिस्सा उनके पास जाता था।
बता दें कि इस मामले में 2161 करोड़ रुपए के शराब घोटाले के खिलाफ एसीबी ने 70 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। FIR में तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा का नाम भी शामिल है, जिनके बारे में आरोप है कि उन्हें हर महीने 50 लाख रुपए मिलते थे।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ में साथ होंगे पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव, बैलेट पेपर से होगा मतदान












Click it and Unblock the Notifications