छत्तीसगढ़ में साथ होंगे पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव, बैलेट पेपर से होगा मतदान
Chhattisgarh Voting Ballot Paper: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को रायपुर स्थित निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव एक साथ होंगे। इन दोनों चुनावों में मतदान बैलेट पेपर से होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है।
साव ने बताया कि, पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के लिए सरकार ने पहले से ही व्यापक तैयारी शुरू कर दी थी। इस बार कई अहम बदलाव हुए हैं। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आरक्षण पद्धति में बदलाव किया गया है। पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया गया है और उसी आयोग की रिपोर्ट के आधार पर आरक्षण का निर्धारण किया जा रहा है।

इसके अलावा, नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष का चुनाव अब प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। इस दौरान कई नए निकायों का गठन किया गया है, और नगर पंचायतों को नगर पालिका में बदला गया है। इन सभी बदलावों के लिए समय लगा है।
जल्द ही होगा नगरीय निकाय चुनाव
डिप्टी सीएम साव ने यह भी बताया कि नगरीय निकायों में अध्यक्ष और महापौर पद के लिए आरक्षण 7 जनवरी तक निर्धारित कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि, सरकार जल्द से जल्द चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जैसे ही आरक्षण प्रक्रिया पूरी होगी, चुनाव आयोग को इसकी सूचना भेजी जाएगी, जिसके बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।
साव ने कहा कि, पहले मतदाता सूची हर साल तैयार की जाती थी, लेकिन अब हर तीन महीने में सूची तैयार करने का निर्णय लिया गया है, ताकि नए मतदाता अपने नाम आसानी से जुड़वा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड परीक्षा मार्च से शुरू हो रही है और उम्मीद जताई कि चुनाव बोर्ड परीक्षा से पहले कराए जाएंगे।
कांग्रेस ने किया फैसले का स्वागत
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने के निर्णय पर प्रतिक्रिया दी है। साहू ने कहा, "चलिए देर से ही सही, लेकिन बीजेपी को सद्बुद्धि तो आई। कांग्रेस तो हमेशा से यही कहती रही हैं कि चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए।" ज्ञात हो करीब एक माह पहले ही कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने बैलेट पेपर से मतदान की मांग उठाई थी। लखमा ने कहा कि ईवीएम से आगामी विधानसभा चुनाव हुआ तो पार्टी चुनाव नहीं लड़ेगी।
यह भी पढ़ें 'मुझे पता था कि मनमोहन सिंह मुझसे बेहतर प्रधानमंत्री होंगे’, सोनिया गांधी ने किया था सच स्वीकार












Click it and Unblock the Notifications