कांग्रेस विधायक किस्मत लाल नंद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में शामिल हुए, रेनू और अमित जोगी के सामने ली सदस्यता
Chhattisgarh Elections 2023: विधानसभा चुनाव के पहले भूपेश बघेल को बड़ा झटका लगा है। टिकट नहीं मिलने से नाराज सरायपाली से कांग्रेस विधायक किस्मत लाल नंद 26 अक्टूबर को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) की सदस्यता ले ली हैं। पार्टी ने उन्हें सरायपाली से प्रत्याशी भी बनाया है।
जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के सरायपाली सीट से कांग्रेस विधायक किस्मत लाल नंद टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रहे थे। कांग्रेस ने यहां से चतुरी नंद को अपना प्रत्याशी बनाया है।

किस्मत लाल नंद़ ने विधायक रेणु जोगी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की मौजूदगी में जेसीसीजे की सदस्यता ली है। कांग्रेस के किस्मत लाल नंद ने पिछले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के श्याम तांडो को यहां से हराया था। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस बार सरला कोसरिया को यहां से टिकट दिया है।
90 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए 7 और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होना है। परिणाम 3 दिसंबर को आएगा। किस्मत लाल नंद सरायपाली विधानसभा से साल 2018 के चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार चुनाव जीते थे। उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई करने के बाद 1985 से 1989 तक कृषि अधिकारी के पद पर नौकरी की। फिर 1990 में सब इंस्पेक्टर चयनित हुए।
उन्हें नक्सल क्षेत्र में अदम्य साहस का परिचय देने की वजह से आउट ऑफ टर्न प्रमोशन भी मिला। वहीं उन्हें राष्ट्रपति से वीरता पुरस्कार और गैलेंट्री अवार्ड भी मिला। डीएसपी के पद से रिटायर होकर उन्होंने विधायक के लिए चुनाव लड़ा और भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी श्याम तांडी को भारी मतों से हराया। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को किस्मत लाल ने 50 हजार से भी अधिक वोटों से मात दी थी। जबकि उनको 1 लाख से ज्यादा वोट मिले थे।
सरायपाली सीट में उम्मीदवार की घोषणा होने के साथ ही जेसीसीजे ने अब तक 28 सीटों पर प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर चुकी है। जेसीसी (जे) ने पिछला चुनाव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन में लड़ा था और 7 सीटें जीतकर तीसरे मोर्चे के रूप में उभरी थी, लेकिन इस बार वह कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के प्रभुत्व वाली राजनीति में राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए संघर्ष कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications