CG News: कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ अध्यक्ष को चुनाव लड़ना पड़ा महंगा,अमुलकर को पार्टी ने 6 साल के लिए निकला
CG Election 2023: विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों में उथल-पुथल का दौर जारी है। कहीं दलों में लोग प्रवेश कर रहे हैं तो पार्टी विरोधी कार्यों के चलते पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता भी दिखाया जा रहा है।
इसी बीच दंतेवाड़ा विधानसभा में भी कांग्रेस के एक ब्लॉक अध्यक्ष को पार्टी से 6 सालों के लिए निलंबित कर दिया गया है। बताया जाता है कि ब्लॉक अध्यक्ष ने पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए टिकट मांगी थी, लेकिन उसे टिकट नहीं दी, जिसके बाद उन्होंने पार्टी से बगावत करते हुए निर्दलीय अपना नामांकन दाखिल कर दिया था।

दरअसल दंतेवाड़ा विधानसभा से कांग्रेस की टिकट से चुनाव लड़ने के लिए करीब एक दर्जन से ज्यादा दावेदारों ने अपनी इच्छा जताई थी, लेकिन पार्टी ने बस्तर टाइगर कहे जाने वाले स्व. महेंद्र कर्मा की विधायक पत्नी देवती कर्मा की टिकट काटकर उनके बेटे छविंद्र कर्मा को टिकट दी थी।
कांग्रेस में परिवारवाद का आरोप लगाते हुए बारसूर से ब्लॉक अध्यक्ष रहे अमूलकर नाग ने पार्टी से बगावत करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया और उन्होंने अपने समर्थकों के साथ नामांकन भी दाखिल कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने भी उनसे संपर्क करते हुए नामांकन वापस लेने मनाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
अब मंगलवार की देर रात दंतेवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अवधेश सिंह गौतम ने अमूलकर नाग को पार्टी से 6 सालों के लिए निलंबित कर दिया। जारी निलंबन आदेश में स्पष्ट रूप से ये उल्लेख किया गया है कि उन्होंने बारसूर ब्लॉक अध्यक्ष होने के बावजूद कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने के चलते उन्हें सभी दायित्वों से अलग करते हुए प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करने की वजह बताई है।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications