CG Election 2025: छत्तीसगढ़ में लागू होगी आचार संहिता, दोपहर 3 बजे होगा निकाय चुनाव का ऐलान
Chhattisgarh Urban Body Panchayat Elections: छत्तीसगढ़ में आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 18 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया था। अब संभावना जताई जा रही है कि आज चुनाव आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।
छत्तीसगढ़ में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में तेजी आई है, और राजनीतिक दलों के बीच प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अब सभी की नजरें चुनाव आयोग की प्रेस कांफ्रेंस पर टिकी हैं, जहां चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जाएगा। चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही आचार संहिता लागू हो जाएगी। चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंतिम मतदाता सूची के आंकड़ों के साथ चुनाव की तारीखों की घोषणा की जा सकती है। कहा जा रहा है कि फरवरी के अंत तक दोनों चुनाव संपन्न हो जाएंगे।

छत्तीसगढ़ के 14 नगर निगमों में से 10 निगम, 54 नगर पालिकाओं में से 47 पालिकाएं और 124 नगर पंचायतों में से 95 पंचायतों में चुनाव होना है। इसके अलावा, प्रदेश के 11,669 ग्राम पंचायतों में भी चुनाव होंगे। इस दफा पांच नगर निगमों में महिला महापौर चुनी जाएंगी, जिनमें रायपुर, कोरबा और बीरगांव में सामान्य वर्ग की महिलाएं चुनाव लड़ सकेंगी। रिसाली में अनुसूचित जाति और दुर्ग में अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला को महापौर के लिए चुनाव लड़ने का अवसर मिलेगा।
राजनीतिक दलों ने कसी कमर
भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों के चयन के लिए रणनीतियां बनानी शुरू कर दी हैं। भाजपा पार्षद पद के प्रत्याशियों के चयन के लिए एक कमेटी बनाएगी, जिसमें मंडलों से नाम आने के बाद जिला समिति को भेजा जाएगा। वहीं, कांग्रेस कमेटी के सदस्यों से वोटिंग कर प्रत्याशियों का चयन करेगी। आज राजधानी रायपुर में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
इस बार EVM से होंगे चुनाव
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव EVM से होंगे, जबकि पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। राज्य सरकार ने इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर दी है। पिछले नगरीय निकाय चुनाव 2019 में बैलेट पेपर से हुए थे, जबकि इससे पहले 2014 में EVM से चुनाव कराए गए थे।
यह भी पढ़ें 'हम चोर, डाकू या नक्सली नहीं हैं', रायपुर में विरोध प्रदर्शन कर रहे बीएड शिक्षकों का छलका दर्द












Click it and Unblock the Notifications