Chhattisgarh: भरोसे के बजट से खिल उठे महिलाओं के चेहरे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं ने मनाई होली
छत्तीसगढ़ के बजट में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ,मिनीआंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की है,जिससे महिलाओं में बेहद उत्साह देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भरोसे के बजट की घोषणा के साथ ही बिलासपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। होली के पहले इस घोषणा से जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने जमकर होली खेली। महिलाओं ने नगाड़े, ढोल की धुनों के बीच गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई दी और अपनी खुशी जाहिर करते हुए जमकर खुशियां मनाई। बजट को उन्होंने भरोसे का बजट बताते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

इससे पूर्व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं के प्रतिनिधि मण्डल ने मुलाकात कर 'भरोसे के बजट' में उनका मानदेय बढ़ाये जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। मानदेय वृद्धि की खबर सुनकर मुख्यमंत्री का आभार जताने बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका विधानसभा पहुंची इन महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ जाहिर हो रही थी। महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने से सोमवार को प्रदेश भर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं का होली पर्व का उल्लास दोगुना हो गया है। प्रदेश भर की आंगनबाड़ी से जुड़ी महिलाओं में हर्ष की लहर है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा आज पेश किए गए बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय की राशि 6 हजार 500 प्रति माह से बढ़ाकर अब 10 हजार रूपए, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 4 हजार 500 रू से बढ़ाकर 7 हजार 500 रूपए मासिक एवं सहायिकाओं का मानदेय 3 हजार 250 रूपए से बढ़ाकर 5 हजार रूपए मासिक करने की घोषणा की गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय के सामने महिलाओं ने बजट घोषणा पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए देर तक जश्न मनाया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की जिला उपाध्यक्ष सीमा सिंह चौहान ने कहा कि इस घोषणा से मिली खुशी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति हम सब आभारी है। उन्होंने कहा कि यह बजट हमारे लिए होली, दिवाली सभी त्योहार से बढ़कर साबित हुआ है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता यादव ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस घोषणा से होली त्योहार की खुशी दोगुनी हो गई है। गीतांजली पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की इस घोषणा से हमें संबल मिला है।
Recommended Video
महिला सशक्तीकरण की दिशा में यह घोषणा मील की पत्थर साबित होगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इंदु जायसवाल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मानदेय बढ़ने की घोषणा से उनके साथ ही परिवार के लोगों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। अब पारिवारिक जिम्मेदारी पहले से बेहतर तरीके से निभा पाने में मदद मिलेगी। आंगनबाड़ी सहायिका बेगम बाई ने बजट को भरोसे का बजट बताते हुए कहा कि मानदेय बढ़ने से परिवार का भरण-पोषण अब सुचारू रूप से हो पाएगा।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति का ब्यौरा सदन में पेश, GSDP में 08 % की वृद्धि का अनुमान












Click it and Unblock the Notifications