Chhattisgarh Weather: दिवाली के बाद दिखेगा कोहरे का सितम, बढ़ जाएगी ठंड, जानिए मौसम विभाग की भविष्यवाणी
Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर से ठंडी हवाएं आनी शुरू हो गई है। इसके चलते अब आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा।
इससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। हालांकि अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से अब ठंडकता और ज्यादा बढ़ेगी।

हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के चलते आने वाले 3 दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। उसके बाद यानि 12 नवंबर दीपावली से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी और ठंड भी बढ़ेगी। 9 नवंबर को उत्तर प्रदेश में डूमरबहार सबसे ठंडा रहा।
यहां न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ठंडी हवाओं के चलते अब रात के साथ ही सुबह-सुबह भी ठंड बढ़ने लगी है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही पहाड़ी इलाके में भी ठंड का प्रभाव नजर आने लगा है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले 3 दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। आज छत्तीसगढ़ का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले साल की अपेक्षा में इस वर्ष ज्यादा ठंड पड़ने की उम्मीद है। वहीं बढ़ते ठंड के चलते राजधानी में गर्म कपड़ों का स्टॉल भी लगना शुरू हो गया है। लुधियाना का ऊलन बाजार राजधानी रायपुर में भी सज चुका है। ग्राहकों को लुभाने के लिए विशेष छूट भी दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications