CHHATTISGARH NEWS: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा, सरकारी नौकरी में समाप्त हुई स्टाइपेंड की सीमा
CHHATTISGARH: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की मौजूदगी में राजीव गांधी मितान सम्मेलन के दौरान अपने संबोधन में कई खास बातें कहीं। राजीव गांधी मितान सम्मेलन नया रायपुर के एक मैदान में आयोजित किया गया था।

सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि पहली बार युवाओं का ऐसा मेला छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। राजीव युवा मितान क्लब को हर साल एक लाख रुपए दिया जा रहा है ताकि हमारे युवा साथी अपने गाँव की संस्कृति, खेलकूद और शासन की जानकारी भी वंचित वर्गों तक पहुँच पाए। ये दिन रात मेहनत करते हैं इन सब तक ये शासन की योजनाओं की जानकारी देते हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारा देश युवाओं का देश है। जब युवा शक्ति एकजुट होती है तो नई ऊर्जा आती है। आप सभी को ऊर्जा देने एवं दिशानिर्देश देने राहुल गांधी जी आये हैं। पांच साल पहले जब राहुल गांधी जी आये थे तो उन्होंने कहा था कि ऐसी योजनाएं बनाएं जिससे आम आदमी को लाभ हो, आदिवासियों को लाभ हो, किसानों को लाभ हो। सीएम बघेल ने कहा कि हमने ऐसी योजनाएं बनाई जिससे लोगों को लाभ हुआ। किसानों को लाभ मिला। छत्तीसगढ़ में हम प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस नहीं लेते। पूरे छत्तीसगढ़ की जनता का भरोसा हमारे साथ है। युवा राष्ट्र की संपत्ति है और इस ऊर्जा का सही उपयोग हमें करना है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता भी दे रहे हैं। हम लोगों को अधिकार संपन्न बनाते हैं। नेहरू जी से लेकर मनमोहन सिंह जी तक जब तक हमें अवसर मिला, लोगों को ताकत देने का काम किया है। सीएम भूपेश बघेल ने राजीव युवा मितान सम्मेलन में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी में नई नियुक्तियों के लिए 70, 80, 90 प्रतिशत स्टाइपेंड समाप्त किया जाता है।
गौरतलब है कि अब तक नव नियुक्त कर्मचारियों को प्रथम वर्ष 70% द्वितीय वर्ष 80% और तृतीय वर्ष 90% वेतन का भुगतान किया जा रहा था , जिसे लेकर कर्मचारी लगातार यह मांग कर रहे थे कि इस स्टाइपेंड वेतन व्यवस्था को समाप्त कर पूर्ण वेतन व्यवस्था को पुनः लागू किया जाए जो कि आज हो गया है ।












Click it and Unblock the Notifications