CG Election: छत्तीसगढ़ चुनाव में चाचा-भतीजे के बीच दिलचस्प मुकाबला, जानिए पाटन में किस बघेल का पलड़ा भारी?
Chhattisgarh Chunav 2023: इस बार छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की पाटन वीआईपी हाई प्रोफाइल सीट पर चुनावी लड़ाई काफी रोचक दिख रही है। इस सीट पर बीजेपी और कांग्रेसके बीच कांटे की टक्कर देखी जा रही है।
पाटन विधानसभा में छत्तीसगढ़ के साथ पूरे देश की नजरें अगर लगी हैं तो इसीलिए कि यहां से सीएम भूपेश बघेल कांग्रेस उम्मीदवार हैं और उन्हें चुनौती देने या कहें कि घेरने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उनके भतीजे और दुर्ग से सांसद विजय बघेल को चुनावी रण में उतारा है।

भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल उम्र में भूपेश से 2 साल बड़े हैं। लेकिन लगते भतीजे हैं। इसलिए यह सवाल हर किसी की जुबान पर है कि पाटन का क्या होगा नतीजा चाचा या भतीजा।
चुनावी गर्मी भूपेश बघेल और विजय बघेल के सार्वजनिक संबोधनों में भी दिखती है। दोनों का दावा है कि चुनाव वे नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता लड़ रही है। वैसे तो इस सीट पर छत्तीसगढ़ जन कांग्रेस के अमित जोगी भी लड़ाई में हैं और इस आधार पर मुकाबला त्रिकोणी हो गया है।
चाचा भतीजे में कौन जीतेगा के सवाल पर कोई भी खुलकर नहीं बोलता। कांग्रेस समर्थक पाटन में पिछले वर्ष हुए कामों को गिना रहे हैं तो भाजपा के चाहने वालों को भरोसा है कि लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ी जीत हासिल करने वाले विजय बघेल के लिए पाटन जरा भी मुश्किल नहीं है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यहां से 1993, 1998, 2003, 2013 और 2018 में जीत चुके हैं। जबकि विजय बघेल को 2008 में जीत दर्ज की थी। पिछली बार उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के मोतीलाल साहू को लगभग 25 हजार वोट से हराया था। 6 में से 5 का स्ट्राइक रेट होने के बावजूद अगर इस बार भूपेश बघेल को प्रचार के दौरान आम लोगों के साथ नाई की दुकान में हजामत बनवाने के लिए आना पड़ा है तो लोग अंदाज लगा रहे हैं कि भतीजे के साथ लड़ाई चाचा के लिए इतनी आसान भी नहीं है।
यह वह सीट है जो दुर्ग संभाग की 20 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में सीधी भिड़ंत है और पाटन इस क्षेत्र की धुरी है। यहां वोटर्स तक जो माहौल बनेगा वह पूरे संभाग के लिए निर्णायक हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications