छत्तीसगढ़ः कोरोना ने पकड़ी रफ्तार, पिछले 24 घंटे में मिले 5 हजार से अधिक मरीज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीते रविवार को प्रदेश में कोरोना के 26,911 लोगों के टेस्ट हुए, जिसमें से 5250 नये मरीज सामने आये हैं। यानी कि प्रतिदिन के मुकाबले 35 प्रतिशत कम टेस्ट के बावजूद पॉजिटिव होने की दर 19 प्रतिशत से अधिक रही। यह शनिवार को आये पॉजिटिविटी रेट 14 प्रतिशत से 5 प्रतिशत अधिक है।

इसका मतलब है कि प्रत्येक 100 में से 19 लोग संक्रमण की चपेट में हैं। बता दें कि शनिवार-रविवार को 32 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इन नये आंकड़ों को मिलाकर प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4319 हो गई है। वहीं अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 38 हजार 450 तक जा पहुंची है।
कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पिछले 14 दिनों में छत्तीसगढ़ में 33 प्रतिशत टेस्ट बढ़े हैं। लेकिन इन्हीं 14 दिनों में कोरोना संक्रमण 57 प्रतिशत से अधिक हो गया है। संक्रमण के मामले में छत्तीसगढ़ देश भर में महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि आबादी से तुलना करने पर यहां संक्रमण अधिक भयावह दिख रहा है।
रायपुर में एक दिन मे बनाये 12 कंटेनमेंट जोन
राजधानी रायपुर में शनिवार और रविवार को कोरोना के नये हॉटस्पॉट सामने आये। जिला प्रशासन ने रविवार को रायपुर और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में दर्जनभर कंटेनमेंट जोन बनाये गये हैं। इन क्षेत्रों में दर्जनों लोग संक्रमित पाये गये हैं।
इसके अलावा रायपुर में आज से शाम 6 बजे के बाद कोई भी व्यक्ति सड़क पर बिना किसी मुख्य कारण के घूमते हुए नजर आएगा को तो उसका वहीं कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। इसके लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को तैनात किया जाएगा। जांच के बाद अगर कोई भी व्यक्ति पॉजिटिव आया तो उसे सरकारी कोविड सेंटर में भर्ती कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications