अग्निपथ योजना के विरोध में छत्तीसगढ़ कांग्रेस का कल राज्यव्यापी प्रदर्शन, पाटन में रहेंगे सीएम भूपेश बघेल
रायपुर, जून 26। अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने 27 जून को छत्तीसगढ़ में सत्याग्रह की घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी अग्निपथ योजना का विरोध करेगी। कांग्रेस यह विरोध प्रदर्शन सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। इस प्रदर्शन के बीच रायपुर में कांग्रेस पार्टी के ही एक विधायक ने सुंदरकांड का पाठ भी रखवा दिया है।

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और रायपुर वेस्ट से विधायक विकास उपाध्याय छत्तीसगढ़ में होने वाले इस प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। छत्तीसगढ़ के 90 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अग्निपथ योजना के विरोध में सत्याग्रह होना है। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में यह प्रदर्शन आमानाका स्थित पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर होगा।
विकास उपाध्याय ने ही अपने विधानसभा क्षेत्र में सुंदरकांड का आयोजन कराने का फैसला किया है। विकास उपाध्याय ने कहा कि अग्निपथ योजना को लेकर देश के युवाओं में आक्रोश है, जिसकी जिम्मेदार भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार है। विकास उपाध्याय ने अग्निपथ योजना को तीन कृषि कानूनों की तरह बताते हुए कहा कि केन्द्र सरकार को वापस लेना होगा।
कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन के बीच भूपेश बघेल भी अपने गृह क्षेत्र पाटन में मौजूद रहेंगे और अग्निपथ योजना के विरोध का नेतृत्व करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत भी सक्ती के सत्याग्रह में शामिल होंगे। वहीं भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज मंडावी सत्याग्रह करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications