छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने घर-घर जाकर लगाया BJP का झंडा, किया विजय बूथ अभियान का आगाज़
Chhattisgarh BJP: छत्तीसगढ़ में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने एकदिवसीय बूथ विजय अभियान की शुरुआत की है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांदुल से भाजपा के बूथ विजय अभियान का आगाज़ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने यहां घर-घर भाजपा का झंडा लगाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में भाजपा के आह्वान पर बूथ विजय अभियान का शुभारंभ हो रहा है। इसमें हर घर में बीजेपी का झंडा लगाना है और अपने अपने बूथ में भारतीय जनता पार्टी को जिताने का संकल्प लेना है।

सीएम विष्णुदेव साय ने इस दौरान कांग्रेस की नारी न्याय गारंटी योजना पर कटाक्ष करते हुए कहा, कांग्रेस वाले ख्याली पुलाव पकाते रहे ,लेकिन भारत की जनता का भरोसा कांग्रेस पार्टी से उठ चुका है। छत्तीसगढ़ की जनता का कांग्रेस पार्टी से विश्वास पूरी तरह से उठ चुका है, क्योंकि पांच सालों कांग्रेस ने केवल ठगने का काम किया है। साय ने आगे कहा कि अब कांग्रेस एक लाख या पांच लाख देने की बात करें, जनता इनपर विश्वास करने वाली नहीं है। छत्तीसगढ़ की लोकसभा की सभी 11 सीटों पर बीजेपी जीतेगी।
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर लिखा कि अबकी बार 400 पार, आज रायपुर जिले के ग्राम कांदुल में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान "विजय बूथ अभियान" का शुभारंभ किया।आज पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा के इस अभियान की शुरुआत हुई है। हम सभी को मिलकर आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद पर आरूढ़ कराना है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए आप सभी से अपने-अपने घरों में भाजपा का झंडा लगाने का आह्वान करता हूँ।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बताया कि सभी बीजेपी के कार्यकर्ता और नेतागण एक-एक बूथ में विजय स्वरूप झंडा लगाएंगे, जिसके तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ग्रामीण विधानसभा के कांदुल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव साहूपारा फाफाडीह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव न्यू मार्केट माना जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications